इस्राइल और हमास के बीच दो हफ्ते से ज्यादा समय से संघर्ष जारी है। लगातार हमलों से होने वाली मौतों का आंकड़ा साढ़े छह हजार के पार हो गया है। इस बीच, इस्राइली सेना ने हमास को बंधकों को रिहा करने के लिए चेतावनी दी है। इससे पहले, हमास ने सोमवार को दो इस्राइली बंधकों को मानवीय आधार पर रिहा किया था। इन बंधकों ने रिहा होने के बाद कहा कि गाजा में उन्हें मकड़ी के जाले वाली सुरंगो में ले जाया गया था।
हमास ने हमारे साथ...
समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, हमास ने जिन इस्राइली बंधकों को मुक्त कराया उन्होंने रिहा होने के बाद अपने अनुभव साझा किए। हमास के कब्जे से रिहा हुई बुजुर्ग इस्राइली महिला ने कहा कि शुरू में आतंकी समूह का व्यवहार अच्छा नहीं था। आतंकियों ने उन्हें छड़ी से पीटा, लेकिन बाद में उनका व्यवहार बदल गया और वे हमारे साथ अच्छा व्यवहार करने लगे। 85 वर्षीय योचेवेड लिफशिट्ज और 79 वर्षीय नुरिट कूपर को हमास ने सोमवार को रिहा किया था। लिफशिट्ज ने बताया कि आतंकियों ने उसे गाजा के अंदर सुरंगों में ले जाया गया था। वो सुरंगे 'मकड़ी के जाल' की तरह थीं। जो खुद खाते थे, उन्हें भी खिलाते थे। दिन में एक बार ही खाना मिलता था। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकियों ने उन्हें जरूरी दवाइयां भी दीं। हमास ने अभी 200 से अधिक लोगों को बंधक बना रखा है जिनमें लिफशिट्ज के पति भी हैं।
400 से ज्यादा ठिकानों पर किया हमला
हमास द्वारा बंधकों को रिहा करने का यह कदम तब आया है जबकि इस्राइल ने बयान दिया है कि उसने गाजा पर रातभर किए गए हमलों में रात भर में कई हमास लड़ाकों को मार डाला है। इस्राइली रक्षा बलों ने कहा, ‘हमास के आतंकवादियों का खात्मा करने के लिए एक व्यापक पैमाने पर अभियान चलाया। आईडीएफ ने पिछले 24 घंटों में 400 से अधिक आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया। इस दौरान हमास के बंदूकधारियों ने भी इस्राइल की ओर रॉकेट दागने की कोशिश की।'
आतंकवादियों को समुद्र के रास्ते से भेजता है
सेना का कहना है कि इस्राइल में हमास एक सुरंग के जरिए आतंकवादियों को समुद्र के माध्यम से भेजता है। वह इसी रास्ते के जरिए घुसपैठ करता है। हमास कमांड सेंटर का उपयोग गुर्गों द्वारा किया जाता है। इस्राइली सेना ने कहा कि निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आईडीएफ काम करना जारी रखेगा।
आईडीएफ ने एक अलग पोस्ट में बताया, ‘याह्या सिनवार, मोहम्मद दीफ, सालेह अल-अरौरी, इस्माइल हानिया और अन्य के हाथों पर हजारों का खून है। हम सात अक्तूबर को हुए हमास नरसंहार को कभी नहीं भूलेंगे।
अमेरिका ने कही यह बात
इस बीच, संयुक्त राज्य अमेरिका ने गाजा के लोगों को लेकर चिंता जाहिर की है। अमेरिका ने इस्राइल से आग्रह किया है कि वह गाजा में फंसे वहां के निवासियों के लिए अधिक सहायता मुहैया कराने की अनुमति दे।
बता दें कि इस्राइल में हमास के हमले में अब तक 1400 लोगों की जान गई है, वहीं गाजा पट्टी पर इस्राइल की जवाबी कार्रवाई में मौतों का आंकड़ा 5000 के पार जा चुका है।