चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को कहा कि ताइवान का फिर से चीन के साथ एकीकरण रोका नहीं जा सकता। अपने नए साल के संबोधन में उन्होंने देश की बढ़ती रक्षा क्षमताओं का जिक्र किया और ब्रह्मपुत्र नदी पर दुनिया के सबसे बड़े बांध के निर्माण पर भी प्रकाश डाला।
जिनपिंग ने नए साल 2026 के अवसर राष्ट्र के नाम संदेश में कहा कि ताइवान जलडमरूमध्य के दोनों ओर रहने वाले चीनी लोगों के बीच खून और रिश्तेदारी का संबंध है। हमारी मातृभूमि का फिर से एकीकरण समय की मांग है और इसे रोका नहीं जा सकता। यह बात उन्होंने ऐसे समय में कही, जब बीत तीन दिनों में चीनी सेना ने स्वशासित द्वीप ताइवान के आसपास बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास तेज किए हैं। चीन उसे अपने मुख्य भूभाग का हिस्सा मानता है।
ये भी पढ़ें:
'सोच-समझकर योजना बनाई गई..', रूस ने जारी किया राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर कथित हमले का वीडियो
वर्ष 2022 के बाद यह छठी बार है, जब चीन ने वायुसेना के नवीनतम लड़ाकू विमानों, विमानवाहक पोतों, मिसाइलों और ड्रोन की मदद से ताइवान पर कब्जे का अभ्यास करते हुए सैन्य अभ्यास किए हैं। अपने संबोधन में शी जिनपिंग (72 वर्षीय) ने अर्थव्यवस्था, रक्षा और तकनीक के क्षेत्र में बीजिंग की प्रगति पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा, यारलुंग त्सांगपो नदी (जिसे ब्रह्मपुत्र कहा जाता है) के निचले हिस्से में जलविद्युत परियोजना का निर्माण शुरू हो गया है। चीन ने पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील तिब्बत में बांध का औपचारिक रूप से निर्माण शुरू कर दिया है। यह बांध अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास ब्रह्मपुत्र नदी पर 170 अरब डॉलर की लागत से बनाया जा रहा है। इससे भारत और बांग्लादेश के निचले हिस्सों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
शी जिनपिंग ने चीन के पहले ऐसे विमानवाहक पोत के संचालन का भी जिक्र किया, जिसमें विद्युत चुंबकीय प्रक्षेपक प्रणाली लगी है। 'फुजियान' नाम का यह पोत अमेरिका के यूएसएस जेराल्ड आर. फोर्ड के बाद दुनिया का दूसरा ऐसा विमानवाहक पोत है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में चीन की प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि ह्यूमनॉइड रोबोट कुंग फू किक कर रहे थे और ड्रोन ने शानदार लाइट शो प्रस्तुत किए।
ये भी पढ़ें:
कहीं संघर्ष थमा तो कहीं तय हुई सीमाएं.., साल 2025 में इन समझौतों ने खींचा पूरी दुनिया का अपनी ओर ध्यान
चीन की अर्थव्यवस्था लगभग पांच फीसदी की धीमी वृद्धि का सामना कर रही है और निर्यात पर अधिक निर्भर है। अर्थव्यवस्था को लेकर जिनपिंग ने कहा कि इस साल चीन का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 20 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचने वाला है। उन्होंने कहा, हमारी अर्थव्यवस्था निरंतर नए मुकाम हासिल कर रही है और इस साल यह 140 ट्रिलियन युआन (लगभग 20 ट्रिलियन डॉलर) तक पहुंचने की उम्मीद है।