सीरिया के राष्ट्रपति बशर-अल-असद
- फोटो : सोशल मीडिया
सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद और उनकी पत्नी जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उनमें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। राष्ट्रपति कार्यालय ने सोमवार (8 मार्च) को यह जानकारी दी। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि देश के प्रथम दंपति की हालत स्थिर बनी हुई है।
दो-तीन सप्ताह रहेंगे क्वारंटीन
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा गया है कि प्रथम नागरिक दंपति ने कोविड-19 के हल्के लक्षण महसूस करने के बाद पीसीआर परीक्षण कराया। जांच के बाद वे संक्रमित पाए गए। असद (55) और उनकी पत्नी अब घर में दो से तीन सप्ताह तक क्वारंटीन में रहेंगे और फिर काम-काज पर लौटेंगे। फिलहाल, दोनों का स्वास्थ्य ठीक है और उनकी स्थिति स्थिर है।
सीरिया में लगातार बढ़ रहे मामले
सीरिया में सरकार के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के करीब 16 हजार मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 1063 मरीजों की जान जा चुकी है। गौरतलब है कि सीरिया पिछले दस साल से युद्ध से गुजर रहा है। पिछले सप्ताह देश में कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि असद और उनके परिवार के सदस्यों को टीका लगाया गया है या नहीं।