बार, बाजार, रेस्तरां से लेकर स्कूल और परिवहन तक खुले रखे, लंबे समय तक निभाए जा सकने वाले नियमों पर रहा जोर
- थोड़ा नुकसान सहकर ज्यादा बचाया
स्वीडिश मॉडल का नुकसान यह है कि वहां 2,600 लोगों की मौत हो चुकी है। यह पड़ोसी डेनमार्क से छह गुना और नॉर्वे से 13 गुना है। लेकिन स्टॉकहोम की 25 फीसदी आबादी में इम्युनिटी विकसित हो चुकी है। कुछ अस्पतालों के 27 फीसदी स्टाफ में इम्युनिटी पाई गई। इस उपाय से लोगों को बेरोजगारी से बचा लिया गया। साथ ही अस्पतालों में भीड़ भी नहीं हुई। अधिकतर लोगो के प्रतिरोधक क्षमता हासिल कर लेने पर ही बुजुर्गों को बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी। इसके उलट, न्यूयॉर्क में लॉकडाउन से ज्यादा लोगों को मरने से तो बचा लिया गया लेकिन बेरोजगारी बढ़ी, कारोबार ठप हुआ।
- कुदरत के हिसाब से ढलने का सिद्धांत
कुछ वैज्ञानिकों के अनुसार, स्वीडन ने प्राकृतिक आपदा के सामने अनुकूलता का सिद्धांत अपनाया तो अमेरिका ने अदृश्य दुश्मन के खिलाफ युद्ध छेड़ने की बात कही। उनका कहना है कि इंसान इंसान के खिलाफ लड़ सकता है लेकिन कुदरत को हराया नहीं जा सकता। हम सिर्फ उसके हिसाब से खुद को ढालकर ही बच सकते हैं। कोरोना महामारी के मामले में भी स्वीडन ने इस बात को समझा। शोधकर्ताओं के मुताबिक, लॉकडाउन खत्म होने के बाद जीवन को वायरस के हिसाब से ढालने का सवाल आएगा। इसके लिए स्वीडन जैसा ही मॉडल काम आएगा।
आंकड़े बताते हैं, स्वीडन में बड़ा तबका स्वेच्छा से सोशल डिस्टेंसिंग अपना रहा है। सार्वजनिक यातायात चालू है, पर इस्तेमाल करने वालों की संख्या बहुत कम है। ईस्टर की छुट्टियों में भी कई लोगों ने यात्राएं नहीं कीं। बड़ी तादाद में लोग घरों से काम कर रहे हैं। सर्वे कराने वाली एक एजेंसी नोवुस का कहना है, महीनेभर पहले 10 में सात स्वीडिश लोग दूसरों से कम से कम एक मीटर की दूरी पर चलते थे। आज ऐसा करने वाले नौ लोग हैं।
- अब अमेरिका भी हर्ड इम्युनिटी की ओर
अमेरिकी राज्यों में कई गर्वनरों ने लॉकडाउन खोलने का फैसला लिया है। उनका मानना है, लोग ज्यादा समय तक आर्थिक और मानसिक खामियाजा नहीं भुगत सकते। यानी अब लॉकडाउन खोलकर स्वीडन जैसे तरीकों की ओर ही बढ़ा जाएगा। जाहिर है, इससे संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ प्रतिरक्षा भी व्यापक होगी। लेकिन हर्ड इम्युनिटी के इस कदम की अब ज्यादा बड़ी कीमत चुकानी होगी। संक्रमण के दूसरे दौर में ज्यादा तादाद में लोग अस्पतालों में नजर आ सकते हैं।