अदन की खाड़ी में हथियारों और सीढ़ियों से लैस संदिग्ध नावों ने व्यापारिक जहाजों पर हमले की कोशिश की। सुरक्षा गार्डों की मुस्तैदी और चेतावनी के तौर पर की गई फायरिंग से दो बड़े हमले टल गए। ब्रिटिश एजेंसी ने जहाजों को सावधानी बरतने और सुरक्षा अलर्ट का पालन करने की सलाह दी है।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी ने अदन की खाड़ी में बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों को लेकर नया सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। एजेंसी ने बताया कि इस व्यस्त समुद्री रास्ते पर जहाजों के पास संदिग्ध छोटी नावें (स्किफ) देखी गई हैं। इन नावों में दो बाहरी इंजन लगे हैं और इनमें सवार लोग अपने साथ सीढ़ियां और हथियार लेकर चल रहे हैं। इस हलचल ने अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों की चिंता बढ़ा दी है।
विज्ञापन
हाल ही में एक व्यापारिक जहाज के पास पांच लोगों से भरी एक छोटी नाव बहुत करीब आ गई थी। यह घटना सोकोट्रा से लगभग 200 समुद्री मील पश्चिम में बाब अल-मंडेब के पास हुई। हमलावर जहाज के मात्र 100 मीटर के दायरे तक पहुंच गए थे। जहाज पर मौजूद निजी सुरक्षा टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और अपने हथियार तैयार कर लिए। सुरक्षा गार्डों को मुस्तैद देखकर हमलावर अपनी नाव लेकर वहां से भाग गए।
पिछले 24 घंटों के भीतर इस क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले शुक्रवार को सोकोट्रा के उत्तर में एक और टैंकर को निशाना बनाने की कोशिश हुई थी। उस समय सुरक्षा गार्डों ने हमलावरों को रोकने के लिए चेतावनी के तौर पर गोली चलाई थी। इसके बाद हमलावरों ने अपना रास्ता बदल लिया और पीछा छोड़ दिया। राहत की बात यह है कि इन दोनों घटनाओं में किसी के घायल होने या जहाज को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं मिली है।
अदन की खाड़ी और बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल की सप्लाई के लिए बहुत महत्वपूर्ण रास्ते हैं। यमन के पास के इन समुद्री रास्तों में समुद्री डकैती और उग्रवादी गतिविधियां फिर से बढ़ गई हैं। यमन कोस्ट गार्ड ने भी इस महीने की शुरुआत में पुष्टि की थी कि कुछ हथियारबंद लोगों ने एक तेल टैंकर को अगवा कर लिया और उसे सोमालिया के तट की ओर ले गए।
ब्रिटिश नौसेना के अधिकारी इन दोनों घटनाओं की गहराई से जांच कर रहे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध ने भी इन समुद्री रास्तों को बहुत संवेदनशील बना दिया है। एजेंसी ने सभी जहाजों को सलाह दी है कि वे इस इलाके से गुजरते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें। वैश्विक सप्लाई चेन को सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षा बल अब और अधिक सतर्क हो गए हैं।