संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक ‘असाधारण’ महिला एवं नेता बताया, जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया।
स्वराज का मंगलवार रात को दिल का दौरा पड़ने से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया था। वह 67 वर्ष की थीं।
एस्पिनोसा ने ट्वीट कर लिखा कि सुषमा स्वराज के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं, एक असाधारण महिला एवं नेता, जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। मुझे भारत यात्रा के दौरान उनसे मिलने का मौका मिला और मैं हमेशा उन्हें याद करूंगी।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन को टैग करते हुए लिखा कि उनके सभी चाहने वालों को मेरी गहरी संवेदनाएं।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने भी स्वराज के भाषणों का एक वीडियो साझा करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि अमिट यादें पीछें छोड़ गईं...।
ग्लोबल ऑर्गनाइजेशन ऑफ पीपल ऑफ इंडियन ओरिजिन ने कहा कि उनको हम हमेशा एक राजनेता, साथ ही एक ईमानदार और सक्षम राजनीतिक नेता के रूप में याद करेंगे।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन के निदेशक सरकार के संबंधों जय कंसारा ने कहा कि स्वराज ने (अमेरिकी) क्षेत्र और दुनिया भर में हिंदू अल्पसंख्यकों की गहराई से देखभाल की। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा हर मुद्दे को ममता के साथ जोड़ा और उसका समाधान किया।