उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में रविवार को एक जांच चौकी पर आतंकी हमले और उसके बाद एक अस्पताल में बुर्का पहनी महिला द्वारा किए गए आत्मघाती विस्फोट में चार पुलिसकर्मियों समेत कम से कम नौ लोग मारे गए और लगभग 40 अन्य घायल हो गए। जिस अस्पताल में हमला हुआ है, उसमें पहले हमले के पीड़ितों को भर्ती किया गया है।
दोनों हमले खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान जिले में हुए, जिसके एक दिन पहले सूबे के नवगठित कबाइली इलाकों में पहली बार सफलपूर्वक चुनाव संपन्न हुआ था। जिला पुलिस प्रमुख सलीम रियाज ने मीडिया को बताया कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात हथियारबंद लोगों ने कोटला सैयदन चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसा डाली।
अधिकारी ने बताया कि मारे गए पुलिसकर्मियों के शवों को जब जिला अस्पताल लाया गया, तो वहां पहले से ही बैठी एक बुर्का पहनी आत्मघाती हमलावर ने एंबुलेंस के पास हमले को अंजाम दिया, जिसमें उसने एंबुलेंस के आसपास जमा हुए लोगों को निशाना बनाया।