इस बीच, हांगकांग प्रशासन ने अमेरिका को इस मामले से दूर रहने को कहा है। हांगकांग ने कहा कि यह उसका आंतरिक मामला है और अमेरिकी संसद में उसके खिलाफ विधेयक (हांगकांग मानवाधिकार और लोकतंत्र अधिनियम) को लाया गया तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी बाहरी देश को उसके आंतरिक मामले में दखल देने का अधिकार नहीं है। गौरतलब है कि अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने पिछले दिनों कहा था कि हांगकांग के लोग डर से वास्तविक स्वायत्तता और स्वतंत्रता के हकदार हैं। साथ ही उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग की निंदा की थी।
जर्मनी और अमेरिका की यात्रा पर वांग
गिरफ्तारी के बाद सशर्त जमानत पर छूटे हांगकांग में लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता जोशुआ वांग जर्मनी की यात्रा पर हैं। इसके बाद वह अमेरिका भी जाएंगे। 22 वर्षीय वांग लोकतंत्र समर्थक उन नेताओं में शामिल थे, जिन्हें पिछले सप्ताह पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। वांग पर आरोप है कि उन्होंने लोकतंत्र के समर्थन में लोगों को एकजुट किया और चीन समर्थित हांगकांग प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए उकसाया। वांग की पार्टी ‘डेमोसिस्टो’ की प्रवक्ता ने बताया कि वांग जर्मनी जा रहे हैं। इसके बाद वह अमेरिका जाएंगे।