ओशनगेट कंपनी के सीईओ व दिवंगत स्टॉकटोन रश के एक दोस्त ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनका कहना है कि रश को पता था कि इस यात्रा का अंजाम खतरनाक होगा फिर भी उन्होंने इसे जारी रखा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रश के दोस्त व पनडुब्बी संचालक कार्ल स्टेनली ने कहा कि उन्होंने अपने दोस्त को पनडुब्बी के खतरों के बारे में चेतावनी दी थी।
यह है मामला
टाइटैनिक का मलबा दिखाने गई पनडुब्बी अचानक से 19 जून को अटलांटिक महासागर में लापता हो गई थी। बाद में पनडुब्बी में सवार सभी पांचों लोगों की मौत की पुष्टि की गई। समर्सिबल हादसे में मारे गए पांच यात्रियों में पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश अरबपति शहजादा दाऊद, उनके बेटे सुलेमान दाऊद, ब्रिटिश अरबपति हामिश हार्डिंग, फ्रांस के एक्सप्लोरर पॉल हेनरी और पनडुब्बी का संचालन करने वाली कंपनी ओशनगेट के सीईओ स्टॉकटोन रश शामिल थे।
रश का एक निर्णय पड़ा महंगा
कार्ल स्टेनली ने इंटरव्यू में कहा कि स्टॉकटोन रश निश्चित रूप से जानते थे कि इस यात्रा का अंत इस तरह होगा। उन्होंने कहा कि रश आखिरी व्यक्ति होंगे, जिन्होंने एक साथ दो अरबपतियों की हत्या की और उन्हें विशेषाधिकार के लिए भुगतान भी किया। स्टेनली ने आगे दावा किया कि रश का एक निर्णय उनके साथ ही अन्य चार लोगों के लिए महंगा पड़ गया।
टाइटेनियम के बजाय इससे बना गया जहाज
उन्होंने कहा कि यकीन है कि रश का कार्बन फाइबर का उपयोग करके जहाज के मुख्य भाग को तैयार करने वाला फैसला खतरनाक साबित हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रश ने लागत में कटौती करने के लिए जहाज के मुख्य भाग को टाइटेनियम के बजाय कार्बन फाइबर से बनाया था। रश को चेताया गया था कि मुख्य भाग को छोड़कर अन्य टाइटेनियम से बना है, जिसकी वजह से दोनों का आपस में जुड़ना कठिन होगा। पानी के नीचे कार्बन फाइबर टाइटेनियम की तुलना में तेज गति से संपीड़ित (compress) होगा, जिससे दोनों को जोड़ने वाले गोंद पर दबाव बढ़ जाएगा।
सेवानिवृत्त फोरेंसिक मेटलर्जिस्ट ने भी किया खुलासा
एक सेवानिवृत्त फोरेंसिक मेटलर्जिस्ट टिम फॉके ने कहा कि कार्बन फाइबर पानी के नीचे संपीड़ित होती है, जिससे विस्फोट की अधिक संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि जब जहाज को कार्बन फाइबर से बनाने का निर्णय लिया गया तो मैं बहुत आश्चर्यचकित था।
रश ने चेतावनी को किया अनदेखा
स्टेनली ने 2019 में बहामास में रश के साथ टेस्ट डाइव पर जाने का अपना अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा कि मुझे कोई संदेह नहीं है यह कार्बन फाइबर ट्यूब था, जिसके कारण विस्फोट हुआ। उन्होंने कहा कि जब जांच कर रहे थे, तभी हर तीन से चार मिनट में गोली चलने जैसी तेज आवाजें आती थीं। यह आवाजें जब आप समुद्र के इतने नीचे होते हैं तो सुनने में अजीब सी होती हैं। उन्होंने कहा कि जहाज का मुख्य भाग कार्बन फाइबर से बना था, जिसके टूटने के बारे में रश को बताया गया था। उन्हें फोन और ईमेल भी किए गए, लेकिन उन्होंने इसे अनदेखा कर दिया। वह इतिहास में जाने के लिए अपनी और यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे थे।