श्रीलंका में अगले साल राष्ट्रपति चुनाव होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं क्योंकि राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने अपनी पार्टी के चुनाव आयोजकों के साथ बैठक की है। राष्ट्रपति भवन में विशेष बैठक के लिए सोमवार को श्रीलंका फ्रीडम पार्टी (एसएलएफपी) के आयोजकों को बुलाया गया था और पार्टी के भविष्य की योजना तथा पुनर्गठन गतिविधियों के बारे में उन्हें अवगत कराया गया।
पार्टी के महासचिव रोहन लक्ष्मण ने कहा कि हमने पार्टी के भविष्य के कदमों पर चर्चा की, जिसकी शुरूआत जनवरी से होगी। लक्ष्मण ने कहा कि राष्ट्रपति ने आयोजकों से कहा कि उन्हें सुधार कार्यक्रमों में जुटने के लिए तैयार रहना चाहिए। सिरिसेना अगले साल 8 जनवरी के बाद निर्धारित समय से पहले राष्ट्रपति चुनाव करवा सकते हैं। यह साफ नहीं है कि आयोजकों की बैठक में राष्ट्रपति चुनाव के लिए पार्टी की तैयारी पर चर्चा हुई या नहीं। श्रीलंकाई मीडिया के मुताबिक उन्होंने अगले साल आम चुनाव भी कराने के संकेत दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव नवंबर 2019 में होने चाहिए और यह प्रक्रिया जनवरी 2020 तक पूरी होनी चाहिए। बता दें कि प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को अपदस्थ कर उनकी जगह महिंदा राजपक्षे को पद की शपथ दिलाने के लिए राष्ट्रपति सिरिसेना विवादों में घिर गए थे। सिरिसेना एसएलएफपी के अध्यक्ष भी हैं।