श्रीलंका की एक अदालत ने 26 भारतीय मछुआरों को छोड़ने का आदेश दिया है। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी। इन मछुआरों को श्रीलंकाई की नौसेना ने कथित तौर पर अपने समुद्री क्षेत्र में मछली पकड़ने पर गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने बताया कि अदालत ने मछुआरों की गिरफ्तार के दौरान जब्त चार मशीनीकृत नौकाओं और अन्य उपकरणों का ‘राष्ट्रीयकरण’ का आदेश दिया है। 22 मछुआरे रामेश्वरम के हैं और चार पुतुकोट्टई के हैं।
अदालत ने मछुआरों को भविष्य में श्रीलंका के समुद्र क्षेत्र में गैरकानूनी ढंग से प्रवेश पर चेताया और कहा कि इसका उल्लंघन करने पर दो साल की कैद की सजा दी जाएगी। स्थानीय मछुआरा संघ ने नौकाओं और उपकरणों को जब्त करने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि उनकी जीविका के लिए यही एकमात्र जरिया था।