श्रीलंका के कोलंबो में एक बस स्टैंड पर पुलिस को 87 बम डेटोनेटर मिले हैं। बता दें ईस्टर के पवित्र त्योहार पर चर्च में इकट्ठा हुए लोगों को आत्मघाती हमलवरों ने रविवार को निशाना बनाया था। हमलावरों ने तीन लग्जरी होटलों को भी अपना निशाना बनाया।
अबतक इन हमलों में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 290 हो चुकी है। जिसमें विदेशी नागरिकों सहित छह भारतीय भी शामिल हैं। वहीं घायलों की संख्या 500 से ज्यादा है। इसी बीच श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरीसेना ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है जो आज आधी रात से लागू हो जाएगी।
श्रीलंका के स्वास्थ्य मंत्री राजिता सेनारत्ने ने कहा कि देश में ईस्टर के दिन हुए भीषण विस्फोटों के पीछे ‘नेशनल तोहिद जमात’ संगठन का हाथ होने की आशंका है। माना जाता है कि सभी आत्मघाती हमलावर श्रीलंका के ही नागरिक थे।
भारतीय तटरक्षक बल श्रीलंका से लगती सीमा पर हाई अलर्ट पर है। श्रीलंका को दहलाने वाले हमलावरों को भारत में किसी भी तरह के हमलों को अंजाम देने से रोकने के लिए जहाजों और मैरीटाइम सर्विलांस एयरक्राफ्ट डोर्नियर की तैनाती की गई है।
एक दशक बाद इस देश में इस तरह के हमले हुए हैं। पुलिस ने 24 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। किसी भी आतंकी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन इस्लामिक समूह तौहिद जमात का इसमें हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।
सरकार ने कोलंबो में रात के आठ बजे से सुबह के चार बजे तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। सोशल मीडिया पर भी स्थानीय प्रतिबंध लगा हुआ है।