पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान
- फोटो : twitter.com/PakPMO
श्रीलंका ने अपनी संसद में अगले सप्ताह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के संबोधन को रद्द करने का फैसला किया है। श्रीलंका सरकार को चिंता है कि वह यहां कश्मीर मुद्दा उठा सकते हैं, जो वह नहीं चाहती है।
हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला कोविड-19 महामारी से संबंधित प्रतिबंधों के चलते लिया गया है। लेकिन, मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कुछ और ही बताया।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका सरकार ने पाक प्रधानमंत्री इमरान खान के भाषण में कश्मीर मुद्दे को उठाने के प्रभावों पर चर्चा के बाद दोबारा से विचार किया है और उनका संबोधन रद्द करना का फैसला किया है।
इससे पहले पिछले सप्ताह श्रीलंका के स्पीकर महिंदा अबेवर्धने ने कहा था कि इमरान खान अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान संसद को संबोधित करेंगे। बता दें कि इमरान खान की यह यात्रा 22 फरवरी से शुरू होगी।