फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Spain: 'मैं इस्तीफा नहीं दूंगा,' भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच स्पेन के PM का ऐलान, पेश की ईमानदारी की नई योजना

Wed, 09 Jul 2025 07:35 PM IST
हिमांशु चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मैड्रिड

सार

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने पार्टी में हो रहे भ्रष्टाचार के मामलों के बावजूद इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। संसद में उन्होंने खुद को ईमानदार नेता बताते हुए 15 बिंदुओं की नई पारदर्शिता योजना पेश की। विपक्ष ने इसे खारिज करते हुए समय से पहले चुनाव की मांग की है। भ्रष्टाचार के मामलों के बीच उनकी गठबंधन सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
 
विज्ञापन
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज - फोटो : X-@sanchezcastejon
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्पेन में इन दिनों राजनीतिक हलचल तेज है। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की सोशलिस्ट पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। संसद में विशेष सत्र के दौरान उन्होंने कहा कि वह एक ईमानदार राजनेता हैं और अपनी पार्टी को उदाहरण मानते हैं। इसके साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ 15 बिंदुओं की एक नई योजना भी पेश की है।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री सांचेज ने कहा कि मैं हार नहीं मानूंगा। उन्होंने माना कि कुछ मामलों में उनका आकलन गलत हो सकता है, लेकिन उन्होंने किसी भी गलत काम से इनकार किया। स्पेन की राजनीति में यह बयान ऐसे समय आया है जब सोशलिस्ट पार्टी के कई वरिष्ठ नेता घोटालों में घिरे हुए हैं, जिनमें उनके पूर्व सहयोगी और परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।

पुराने सहयोगी की गिरफ्तारी से उठा विवाद
पिछले सप्ताह स्पेन की सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री के पूर्व सहयोगी और पार्टी के तीसरे सबसे वरिष्ठ नेता सैंटोस सेरदान को रिश्वत लेने के आरोप में हिरासत में भेजा था। आरोप है कि सेरदान ने सरकारी निर्माण कार्यों में घोटाले किए। इसके अलावा, सांचेज के एक पूर्व मंत्री, उनके भाई, पत्नी और पूर्व अटॉर्नी जनरल पर भी अलग-अलग जांच चल रही है। हालांकि, प्रधानमंत्री खुद इन मामलों में आरोपी नहीं हैं।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- पीएम मोदी को नामीबिया का सर्वोच्च सम्मान, ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस से नवाजे गए

ईमानदार छवि बनाए रखने की कोशिश
बुधवार को संसद में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ 15 उपायों की घोषणा की। इनमें राजनीतिक दलों की फंडिंग को पारदर्शी बनाने, आर्थिक सहयोग और विकास संगठन के साथ मिलकर भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने जैसे कदम शामिल हैं। हालांकि, विपक्ष और कुछ सहयोगी दलों ने इन कदमों को "कागजी" करार दिया है।

विपक्ष का तंज, समय से पहले चुनाव की मांग
विपक्षी पार्टी पीपुल्स पार्टी के नेता अल्बर्टो फेइजो ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि ईमानदारी से इस्तीफा देना ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि वह अपनी पार्टी की गलती की जिम्मेदारी क्यों नहीं लेते और समय से पहले चुनाव क्यों नहीं कराते।

ये भी पढ़ें- पुतिन को दोहरा झटका: एमएच-17 विमान और यूक्रेन युद्ध पर यूरोपीय अदालत ने सुनाया फैसला, रूस को ठहराया जिम्मेदार
विज्ञापन


गठबंधन पर संकट, भविष्य अनिश्चित
सांचेज 2018 से सत्ता में हैं और इस वक्त अल्पमत सरकार चला रहे हैं। वामपंथी और क्षेत्रीय दलों के समर्थन से उनकी सरकार अब तक टिकी हुई है। लेकिन हालिया भ्रष्टाचार के मामलों ने इस गठबंधन को कमजोर कर दिया है। कई सहयोगी दल अब चुनाव की संभावना पर विचार करने लगे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका प्रयास स्पेन को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन देना है। उन्होंने कहा कि हमने गलतियों से सीखा है, लेकिन पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे राजनीतिक लाभ के बजाय देशहित को प्राथमिकता दें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें