South Korean President Lee Jae-myung
- फोटो : एएनआई
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग अपनी पत्नी किम हे-क्युंग के साथ रविवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे। पिछले आठ वर्षों में किसी दक्षिण कोरियाई नेता की यह पहली भारत यात्रा है। हवाई अड्डे पर कॉर्पोरेट मामलों और सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने उनका स्वागत किया। जून 2025 में पदभार संभालने वाले राष्ट्रपति ली की इस यात्रा को भारत-दक्षिण कोरिया के विशेष रणनीतिक संबंधों को पुनर्जीवित करने के रूप में देखा जा रहा है।
राष्ट्रपति ली अपनी यात्रा की शुरुआत विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक से करेंगे। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत होगा और वे राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में होने वाली शिखर वार्ता इस दौरे का मुख्य आकर्षण होगी। इस दौरान सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, रक्षा उत्पादन और मेक इन इंडिया को मजबूत करने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
दोनों नेता व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सेपा) पर भी चर्चा करेंगे। इसके अलावा, राष्ट्रपति ली भारत मंडपम में बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। यह यात्रा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों की साझा दृष्टि को और मजबूत करेगी।