रविवार की सुबह दक्षिण जिओला प्रांत के मुआन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जेजू एयर विमान दुर्घटना हुई, जिसमें विमान में सवार लगभग सभी लोगों की जान चली गई। एक यात्री के संदेश के अनुसार, 181 लोगों को ले जा रहे विमान ने पक्षी के टकराने के बाद आपातकालीन लैंडिंग का प्रयास किया।
दक्षिण कोरिया के मुआन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए भीषण विमान हादसे में 179 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इस हादसे से पहले एक यात्री की तरफ से अपने परिजन को मोबाइल पर संदेश भेजा गया था। जिसमें उसने बताया था कि विमान से पक्षी टकराया है...हम लैंड नहीं कर सकते हैं। विमान दुर्घटना से ठीक पहले सुबह 9 बजे, उसने हवाई अड्डे पर इंतजार कर रहे परिवार के सदस्य को एक एप के माध्यम से संदेश लिखा: 'एक पक्षी विमान के पंख से टकराया और हम लैंड नहीं सकते।'
विज्ञापन
'क्या मुझे वसीयत बनानी चाहिए?'
इस दौरान संदेश के आदान-प्रदान में जब उस हवाई अड्डे पर खड़े शख्स ने पूछा कि यह कब हुआ है, तो यात्री ने एक मिनट बाद उत्तर दिया, 'अभी-अभी। क्या मुझे वसीयत बनानी चाहिए?' इसके बाद से यात्री से परिजन का संपर्क नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि विमान के लैंडिंग गियर में खराबी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। विमान ने उतरने का प्रयास किया लेकिन इस दौरान वह हवाई अड्डे की दीवार से टकरा गया, जिससे विमान में आग लग गई। इस दुर्घटना में विमान में सवार 181 लोगों में से 179 की मौत हो गई, जबकि केवल दो लोग ही जीवित बचे हैं।
विमान हादसे में केवल 65 पीड़ितों की हुई पहचान
वहीं दक्षिण कोरियाई अग्निशमन एजेंसी ने बताया कि आग में 84 महिलाएं, 82 पुरुष और 11 अन्य लोग मारे गए, जिनकी तुरंत पहचान नहीं हो पाई। अधिकारियों के अनुसार, सबसे कम उम्र का यात्री तीन साल का लड़का था और सबसे बुजुर्ग 78 साल का था। दुर्घटना में मारे गए लोगों में से पांच 10 साल से कम उम्र के बच्चे थे। दक्षिण कोरिया विमान दुर्घटना में मरने वाले 179 यात्रियों में से केवल 65 की पहचान की गई है।
विज्ञापन
इधर दक्षिण कोरिया परिवहन मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया है कि कर्मचारियों ने विमान के ब्लैक बॉक्स से उड़ान डेटा और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर प्राप्त कर लिए हैं। सरकारी विशेषज्ञों की तरफ से इन सभी की जांच की जाएगी।