दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया के पास बार में हुई गोलीबारी में अब तक 12 लोग मारे गए, जिसमें तीन बच्चे शामिल हैं। मृत बच्चों में 3 साल का लड़का, 12 साल का लड़का और 16 साल की लड़की शामिल हैं।
दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया के पास स्थित सॉल्सविले टाउनशिप में शनिवार तड़के एक अवैध बार में हुई गोलीबारी में 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा 14 लोग घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल लोगों की उम्र के बारे में कोई विवरण नहीं दिया है। मृत बच्चों में 3 साल का लड़का, 12 साल का लड़का और 16 साल की लड़की शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 3 साल का बच्चा उसी अवैध शराबखाने के मालिक का बेटा था। पुलिस ने तीन संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि इस घटना में मृतक और घायल सभी बार में मौजूद लोग थे। अभी तक गोलीबारी के कारण और संदिग्धों के पीछे की स्थिति का पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रवक्ता एथलेंडा मथे ने बताया कि अभी तक हमले का मकसद पता नहीं चल पाया है और न ही किसी संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। मृतकों में से 10 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ा, जबकि एक घायल की मौत अस्पताल में हुई।
तीन हमलावरों ने की अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे तीन अज्ञात हमलावर हॉस्टल में घुसे और बिना किसी चेतावनी के गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमले के वक्त शराबखाने में भीड़ मौजूद थी, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ गई।
विज्ञापन
अवैध शराबखाने बने अपराध की जड़
पुलिस ने पुष्टि की कि हमला उसी हॉस्टल में हुआ जहां गैर-कानूनी शराबखाना चल रहा था। मथे ने बताया बिना लाइसेंस वाले शराबखाने हमारे लिए बड़ी चुनौती हैं। यहां अक्सर झगड़े, विवाद और हिंसा की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि अप्रैल से सितंबर के बीच पुलिस ने 11,975 अवैध शराबखाने बंद किए हैं।
दुनिया में सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में दक्षिण अफ्रीका
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका में हत्या की दर विश्व में सबसे अधिक है और 2024 में यहां 26,000 से अधिक हत्याएं दर्ज की गईं यानी औसतन हर दिन 70 से ज्यादा हत्या की घटनाएं होती हैं। यहां प्रति एक लाख लोगों पर 45 हत्याएं दर्ज होती हैं। पुलिस के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर के बीच हर दिन औसतन 63 लोगों की हत्या हुई।