अल्जीरिया और स्पेन के बीच समुद्र में एक नाव पलटने से 17 सोमाली प्रवासियों की मौत हो गई। अल्जीरिया में सोमालिया के राजदूत ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
सोमालिया के राजदूत ने क्या बताया?
राजदूत यूसुफ अहमद हसन ने मीडिया को बताया कि उन्हें कई परेशान माता-पिता ने संपर्क किया है, जो अपने लापता रिश्तेदारों की तलाश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मरने वालों में 12 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। घटना उस समय हुई, जब लोग यूरोप पहुंचने के लिए खतरनाक समुद्री मार्ग पर यात्रा कर रहे थे और उनकी नाव पलट गई।
हसन ने कहा, मुझसे उन माता-पिता ने संपर्क किया था, जो अपने बच्चों के बारे में जानकारी चाहते थे और उनकी स्थिति जानना चाहते थे। उन्होंने आगे बताया कि इसके बाद उन्होंने अल्जीरिया के विदेश मंत्रालय से संपर्क किया, जिसने उन्हें बताया कि अफ्रीकी प्रवासियों का एक समूह राजधानी अल्जीयर्स से करीब 100 किलोमीटर पश्चिम में एक तटीय प्रांत में मृत पाया गया है। राजदूत ने बताया कि वह गुरुवार सुबह लगभग करीब छह अल्जीरिया के बौ इस्माइल शहर पहुंचे। उन्होंने कहा, मैंने प्रांत के दो अस्पतालों का दौरा किया और शवों को देखा।
यूरोप पहुंचने के लिए खतरनाक मार्ग से सफर करते हैं प्रवासी
उत्तरी अफ्रीका से स्पेन जाने वाला यह मार्ग उन कई मार्गों में से एक है, जिनका उपयोग प्रवासी यूरोप पहुंचने के लिए करते हैं, जहां अक्सर भीड़भाड़ वाली और असुरक्षित नावों का इस्तेमाल किया जाता है।
ये भी पढ़ें:
अमेरिका के लुइसियाना में गोलीबारी, मॉल में भिड़े दो समूह; जमकर दागीं गोलियां, 10 घायल
इन रास्तों पर नाव दुर्घटनाएं आम हैं, खासकर पश्चिमी भूमध्यसागर और अटलांटिक मार्गों पर, जहां हर साल हजारों प्रवासी युद्ध, गरीबी और जलवायु संबंधी कठिनाइयों से बचने के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं। सोमालिया के प्रवासी भी इनमें शामिल हैं, जो अपने देश में असुरक्षा, सीमित आर्थिक अवसरों और लंबे समय से जारी सूखे के कारण ऐसे खतरनाक सफर पर निकलते हैं।
अल्जीरियाई अधिकारियों ने अभी तक इस त्रासदी के बारे में पूरी जानकारी जारी नहीं की है, जिसमें नाव पर सवार कुल यात्रियों की संख्या या नाव पलटने का कारण शामिल है।