भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के माहौल में एक भारतीय मूल के इंजीनियर ने अपने एक्स-बॉस को झूठ बोलकर भावनात्मक रूप से परेशान किया। मुंबई में रहने वाले सोहम पारेख ने दावा किया कि उनके घर के पास ड्रोन हमला हुआ है, जबकि असल में ऐसा कुछ नहीं हुआ था। पारेख के एक्स-बॉस और लीपिंग एआई स्टार्टअप के को-फाउंडर अर्काडी टेलेगिन ने सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले का खुलासा किया है।
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद किया गया था, जिसमें 26 आम लोगों की जान गई थी। इसी सैन्य तनाव के माहौल में सोहम पारेख ने अपने अमेरिकी एक्स-बॉस को बताया कि उनके घर के पास ड्रोन हमला हुआ है, जिससे बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है।
मुंबई में रहते हुए खुद को बताया था खतरे में
अर्काडी टेलेगिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस घटना का खुलासा करते हुए कहा कि पारेख उस दौरान मुंबई में ही थे, लेकिन उन्होंने झूठ बोलकर खुद को खतरे में दिखाने की कोशिश की। पारेख ने कहा कि मेरे घर से 10 मिनट की दूरी पर ड्रोन हमला हुआ है। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि उनके घर के पास की बिल्डिंग को नुकसान हुआ है। इस बहाने उन्होंने अपने काम में देरी के लिए टेलेगिन को दोषी ठहराने की कोशिश की।
वर्क डिले पर एक्स-बॉस को दे रहा था धोखा
टेलेगिन ने कहा कि जब वह कोडिंग से जुड़े काम में थोड़ी देर करते थे, तो पारेख उन्हें भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करते थे। यानी यह दिखाते थे कि वो इतनी मुश्किलों के बावजूद थोड़ बहुत काम कर रहे हैं, वरना इन हालातों में कोई काम नहीं कर सकता। पारेख का कहना था कि जब देश में इतनी बड़ी स्थिति बनी हुई है और उनके आसपास धमाके हो रहे हैं, ऐसे में टेलेगिन को आराम से काम लेना चाहिए। हालांकि टेलेगिन ने तंज कसते हुए कहा कि अगली बार कोई कंपनी पारेख को 'मुख्य अभियंता' बना दे।
ये भी पढ़ें: तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजी त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद, पीएम मोदी को 23 बार अपना संबोधन रोकना पड़ा
मैसेज में हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट हुए सार्वजनिक
टेलेगिन ने इस पूरे मामले के सबूत के तौर पर पारेख के साथ हुई चैट के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर शेयर किए। इन चैट्स में साफ दिख रहा है कि पारेख लगातार तनाव का हवाला देकर टेलेगिन द्वारा दिए गए काम को टाल रहे थे। इसके साथ ही टेलेगिन को ऐसा महसूस करा रहे थे कि जैसे उसपर काम का ज्यादा दबाव बनाया जा रहा हो। इस खुलासे के बाद पारेख की काफी आलोचना हो रही है। बता दें कि पारेख पहले ही कई अमेरिकी स्टार्टअप में बिना जानकारी दिए एक साथ काम करने के मामले में घिर चुके हैं।
ये भी पढ़ें: नाटो की अस्पष्टता व मदद में देरी से खिसक रही यूक्रेन की जमीन, युद्ध रोकने के पक्ष में नहीं पुतिन
बाद में मांगी माफी, पर विवाद थमा नहीं
सोहम पारेख ने बाद में अपने एक्स-बॉस से माफी भी मांगी। टेलेगिन ने माफी वाले मैसेज का भी स्क्रीनशॉट शेयर किया और लिखा कि पारेख के स्वभाव में मैं यही परिवर्तन देखना चाहता था। हालांकि, सोशल मीडिया पर लोग पारेख के व्यवहार को गैर-जिम्मेदाराना और अनैतिक बता रहे हैं। यह मामला एक बार फिर बताता है कि कैसे कुछ लोग निजी फायदे के लिए गंभीर हालात का सहारा लेकर दूसरों को गुमराह करते हैं।