दिवंगत फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी समेत चार भारतीयों को फीचर फोटोग्राफी श्रेणी में प्रतिष्ठित पुलित्जर पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया गया है। दानिश सिद्दीकी पिछले साल अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता पर कब्जे के दौरान हुए संघर्ष के कवरेज के दौरान गोली लगने से मारे गए थे।
अमेरिका के प्रतिष्ठित पुलित्जर पुरस्कार वेबसाइट के अनुसार रॉयटर्स समाचार एजेंसी के सिद्दीकी और उनके सहयोगियों अदनान आबिदी, सना इरशाद मट्टू और अमित दवे को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। 38 वर्षीय दानिश सिद्दीकी अफगानिस्तान में ड्यूटी पर थे। पिछले जुलाई में कंधार शहर के स्पिन बोल्डक जिले में अफगान सैनिकों और तालिबान के बीच हुई झड़पों को कवर करने के दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी।
दानिश को दूसरी बार यह सम्मान मिला
यह दूसरी बार है जब सिद्दीकी ने पुलित्जर पुरस्कार जीता है। रोहिंग्या संकट के कवरेज के लिए रॉयटर्स टीम के हिस्से के रूप में उन्हें 2018 में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने अफगानिस्तान संघर्ष, हांगकांग विरोध और एशिया, मध्य पूर्व और यूरोप की अन्य प्रमुख घटनाओं को व्यापक रूप से कवर किया था।
दानिश सिद्दीकी ने दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से अर्थशास्त्र में स्नातक किया था। इसके बाद उन्होंने जामिया के ही एजेके मास कम्यूनिकेशन रिसर्च सेंटर से 2007 से डिग्री ली थी। उन्होंने अपना करियर टेलीविजन न्यूज के संवाददाता के रूप में शुरू किया था, बाद में वह फोटो पत्रकारिता की ओर उन्मुख हुए। 2010 में उन्होंने इंटर्न के रूप में रॉयटर्स ज्वाइन की। '
पुलित्जर पुरस्कार पत्रकारिता के क्षेत्र का अमेरिका का सर्वोच्च पुरस्कार है। इसकी शुरुआत 1917 से हुई थी।
पत्रकारिता में विजेताओं की पूरी सूची
सार्वजनिक सेवा
विजेता: वाशिंगटन पोस्ट, 6 जनवरी 2021 कैपिटल हिल पर हमले की रिपोर्टिंग के लिए
ब्रेकिंग न्यूज रिपोर्टिंग
विजेता: मियामी हेराल्ड के कर्मचारी, फ्लोरिडा में समुद्रतट अपार्टमेंट टावरों के ढहने के कवरेज के लिए
खोजी रिपोर्टिंग
विजेता: रेबेका वूलिंगटन के कोरी जी. जॉनसन और टैम्पा बे टाइम्स के एली मरे, इनको फ्लोरिडा के एकमात्र बैटरी रीसाइक्लिंग प्लांट के अंदर अत्यधिक जहरीले खतरों को उजागर करने के लिए अवार्ड मिला है।
व्याख्यात्मक रिपोर्टिंग
विजेता: क्वांटा पत्रिका के कर्मचारी, विशेष रूप से नताली वोल्चोवर, इनको वेब स्पेस टेलीस्कोप कैसे काम करता है, इस पर रिपोर्टिंग के लिए सम्मान मिला।
स्थानीय रिपोर्टिंग
विजेता: बेटर गवर्नमेंट एसोसिएशन के मैडिसन हॉपकिंस और शिकागो ट्रिब्यून के सेसिलिया रेयेस को शिकागो के अधूरी भवन और अग्नि सुरक्षा संबंधी रिपोर्टिंग के लिए
राष्ट्रीय रिपोर्टिंग
विजेता:
द न्यूयॉर्क टाइम्स के कर्मचारी
अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्टिंग
विजेता: द न्यूयॉर्क टाइम्स के कर्मचारी
फीचर लेखन
विजेता: द अटलांटिक के जेनिफर सीनियर
फीचर फोटोग्राफी
विजेता: अदनान आबिदी, सना इरशाद मट्टू, अमित दवे और रॉयटर्स के दिवंगत दानिश सिद्दीकी, भारत में कोरोना समय में फोटो के लिए मिला सम्मान
कॉमेंट्री
विजेता: मेलिंडा हेनेबर्गर
आलोचना
विजेता: सलामिशा टिलेट, द न्यूयॉर्क टाइम्स
इलस्ट्रेटेड रिपोर्टिंग और कमेंट्री
विजेता: फहमीदा अजीम, एंथोनी डेल कर्नल, जोश एडम्स और वॉल्ट हिक्की
ऑडियो रिपोर्टिंग
विजेता: फ्यूचूरो मीडिया और पीआरएक्स के कर्मचारी
उपन्यास
विजेता: द नेतन्याहूस, लेखक- जोशुआ कोहेन
नाटक
विजेता: फैट हैम, जेम्स इजामेसो द्वारा
जीवनी
विजेता: चेजिग मी टू माई ग्रेव
कविता
विजेता: फ्रैंक: सॉनेट्स, डायने सीस द्वारा
सामान्य गैर-कथा
विजेता: अदृश्य बच्चा: एक अमेरिकी शहर में गरीबी, जीवन रक्षा और आशा, एंड्रिया इलियट द्वारा
संगीत
विजेता: रेवेन चाकोन, वॉयसलेस मास के लिए