पश्चिम एशिया में बारूद की गंध तेज होती जा रही है। ईरान और अमेरिका के बीच तनातनी अब खतरनाक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। कूटनीति कमजोर पड़ती नजर आ रही है और जंग के बादल घिरते जा रहे हैं। ऐसे में अब ईरानी सांसद का दावा है कि अमेरिका किसी भी वक्त हमला बोल सकता है। बार-बार दी जा रही चेतावनियां संकेत दे रही हैं कि हालात विस्फोटक हैं और एक छोटी चिंगारी भी बड़े सैन्य टकराव में बदल सकती है।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर हालात लगातार गंभीर होते नजर आ रहे हैं। बातचीत को लेकर अनिश्चितता के बीच अब ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि स्थिति कभी भी टकराव में बदल सकती है। ईरान के सांसद अली खेजरियन ने दावा किया है कि अमेरिका किसी भी समय ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू कर सकता है। उन्होंने पहले भी कहा था कि दोनों देशों के बीच युद्ध होना तय है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक ईरान सरकार या अमेरिका की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
ये भी पढ़ें:- Israel: इस्राइल के पूर्व पीएम नेफ्ताली बेनेट और येर लैपिड की पार्टियों का विलय, नेतन्याहू की बढ़ेंगी मुश्किलें
इस्राइल के प्रभाव में अमेरिका, समझिए मायने
एक तरफ वार्ता पर संशय जारी है। दूसरी ओर इस्राइल इस युद्ध को फिर से शुरू करने की बात कर रहा है। ऐसे में अब ईरानी सांसद खेजरियान ने आरोप लगाया है कि इस्राइल के प्रभाव में आकर अमेरिका ईरान पर हमला कर सकता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अमेरिकी सेना की बढ़ती तैनाती इस बात का संकेत है कि हमला किसी भी समय हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के फैसलों में इस्राइल का असर दिखाई देता है। इसके साथ ही खेजरियान ने पहले यह भी दावा किया था कि ईरान ने वॉशिंगटन के साथ सभी बातचीत रोक दी है। हालांकि, इस पर भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें:- US Hilton Hotel Shooting: 'लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं', ट्रंप पर हमले पर बराक ओबामा ने जताई चिंता