इंडोनेशिया के जंगलों और पीटलैंड में लगी आग के धुएं से सिंगापुर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इससे पर्यटन, कारोबार और उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने जिम्मेदार कंपनियों पर कानूनी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। मलेशिया ने क्षेत्रीय समाधान के लिए सहयोग की पेशकश की है।
पड़ोसी देश इंडोनेशिया के जंगलों और पीटलैंड में लगी आग का धुआं सिंगापुर की हवा को जहरीला बना रहा है। वायु गुणवत्ता बेहद अस्वास्थ्यकर स्तर पर पहुंचने से जनजीवन, पर्यटन और कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने आग के लिए जिम्मेदार संभावित कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। कम दृश्यता के कारण सेलेटर हवाई अड्डे पर 16 उड़ानों का मार्ग भी बदलना पड़ा है।
विज्ञापन
सिंगापुर की राष्ट्रीय पर्यावरण एजेंसी के अनुसार इंडोनेशिया के कालीमंतान क्षेत्र में लगी आग का धुआं लगातार शहर-राज्य की ओर बढ़ रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, चार सितंबर को सिंगापुर की वायु गुणवत्ता लगभग तीन साल में पहली बार अस्वास्थ्यकर स्तर पर पहुंची थी। इसके बाद से धुंध की समस्या ने चिंता बढ़ा दी है।
स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 250 के आसपास रहना लोगों की सेहत के लिए खतरनाक है। प्रधानमंत्री वोंग ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि सरकार उन कंपनियों की भूमिका की जांच कर रही है, जो इंडोनेशिया में जंगलों और पीटलैंड में लगी आग के लिए जिम्मेदार हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के आधार पर सिंगापुर के सीमा-पार धुंध प्रदूषण कानून के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। सरकार दूसरे देशों के साथ मिलकर कदम उठाने के विकल्पों पर भी विचार कर रही है।
विज्ञापन
पर्यटन और कारोबार पर भी असर
सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार धुंध के कारण सिंगापुर में बाहरी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक खुले में भोजन परोसने वाले कुछ रेस्तरां और हॉकर केंद्रों के कारोबार में गिरावट आई है। मरीना बे सैंड्स ने भी लंबे समय तक बाहर रहने वाली कुछ गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। होटल प्रशासन के मुताबिक, मेहमानों को मास्क और हवा साफ करने वाले उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।सिंगापुर की डिजिटल विकास एवं सूचना मंत्री जोसेफिन टियो ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के स्वागत के लिए यह अनुकूल स्थिति नहीं है। शहर में आयोजित सिंगापुर इंटरनेशनल साइबर वीक में 100 से अधिक देशों के 15,000 से ज्यादा आगंतुक पहुंचे हैं। सरकार ने पहले से तैयारी करते हुए जरूरतमंद लोगों को मास्क बांटने शुरू कर दिए थे। अधिकारी धुंध की स्थिति सुधारने के लिए इंडोनेशिया के अधिकारियों के संपर्क में हैं और जरूरत पड़ने पर सहायता देने को तैयार हैं।
मलेशिया ने मांगा क्षेत्रीय समाधान
धुंध का असर सिंगापुर तक सीमित नहीं है। पड़ोसी मलेशिया भी इससे प्रभावित है। मलेशिया के वित्त मंत्री अमीर हमजा अजीजान ने कहा कि समस्या से निपटने के लिए दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच समन्वित कार्रवाई जरूरी है। मलेशिया ने आग बुझाने के लिए पानी की बौछार करने वाले विमान और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की पेशकश की है। उन्होंने जोर दिया कि इस समस्या का समाधान आसियान के स्तर पर निकाला जाना चाहिए।