पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद अहमद ने इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान को गिरफ्तार किया गया तो इस समय जैसे हालात श्रीलंका में वैसे ही पाकिस्तान में भी हो जाएंगे।
पूर्व गृहमंत्री ने दी चेतावनी
रविवार को फैसलाबाद में एक प्रेस कांफ्रेंस में शेख रशीद अहमद ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान गठबंधन सरकार अपनी दिशा से भटक चुकी है और वो स्थिति को संभालने में नाकाम है। उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) ने स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही तैयारी कर ली है, लेकिन अगर इमरान खान को गिरफ्तार किया गया तो पाकिस्तान की स्थिति भी श्री लंका जैसी हो जाएगी और इसकी जिम्मेदार वर्तमान सरकार होगी।
श्रीलंका के ऐसे हैं हालात
गौरतलब है कि 1948 में स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद, श्रीलंका वर्तमान में अपने इतिहास में सबसे खराब आर्थिक और राजनीतिक संकट का सामना कर रहा है। वहां प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने पद से कुछ दिन पहले ही इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद रानिल विक्रमसिंघे को नया पीएम नियुक्त किया गया है। वहीं, राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के खिलाफ श्रीलंका के लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इमरान खान पर देश में गृह युद्ध शुरू करने की योजना बनाने का आरोप लगाया है। साथ ही देश के राष्ट्रीय संस्थानों के खिलाफ माहौल बनाने के लिए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता कि पाकिस्तान श्रीलंका में बदल जाए।
इमरान की तारीफ में बहुत कुछ बोले पूर्व गृहमंत्री
पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) पर चुटकी लेते हुए रशीद ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव के जरिए पीटीआई के नेतृत्व वाली सरकार को सफलतापूर्वक गिराए जाने के बाद भी इमरान खान देश के नायक बन गए थे। उन्होंने कहा कि 11 दलों की राजनीति मर चुकी है और वोट को सम्मान देने का समय खत्म हो गया है क्योंकि वोट 25 करोड़ रुपए में बेचे गए थे।
फैसलाबाद में बोलते हुए पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद अहमद ने कहा कि शहबाज शरीफ को राष्ट्र को संबोधित करना चाहिए और घोषणा करनी चाहिए कि वे अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में जाने वाले हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि देश में एक महीने के भीतर 6 बिलियन अमरीकी डॉलर की कमी हो गई है। साथ ही सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य संस्थानों को सभी हितधारकों को साथ लेकर चलना चाहिए, एक राष्ट्रीय सरकार बनानी चाहिए और एक टेक्नोक्रेट प्रधानमंत्री नियुक्त करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने सितंबर तक देश में चुनाव कराने की मांग भी की।
इमरान की सुरक्षा बढ़ाई गई
इस बीच पाकिस्तान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। इमरान खान ने शनिवार को दावा किया था कि उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। यह साजिश पाकिस्तान और विदेश में रची जा रही है। उन्होंने कहा था कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो लोगों को अपराधियों के बारे में एक वीडियो संदेश के माध्यम से पता चल जाएगा, जिसे उन्होंने हाल ही में रिकार्ड किया है। इसके बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ प्रमुख को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया।