फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका: फूड फेस्टिवल में गोलीबारी, मची अफरा-तफरी, तीन लोगों की मौत और चार घायल; क्या है पूरा मामला?

Mon, 27 Jul 2026 09:27 AM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, सिएटल।

सार

अमेरिका के सिएटल में फूड फेस्टिवल के दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत और चार घायल हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को खाली कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है, जानिए क्या है पूरा मामला?
विज्ञापन
सिएटल में फूड फेस्टिवल में गोलीबारी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/आरटी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका के सिएटल में स्पेस नीडल के पास चल रहे एक बड़े फूड फेस्टिवल में रविवार शाम हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में एक बच्चे समेत चार लोग घायल हुए हैं। शहर के दमकल विभाग के प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी।
विज्ञापन


गोलीबारी शाम करीब 6 बजे (स्थानीय समय) हुई। उस समय 'बाइट ऑफ सिएटल' नाम का वार्षिक फेस्टिवल अपने आखिरी घंटों में था। इस फेस्टिवल में हर साल बड़ी संख्या में खाने-पीने की दुकानों, सामान बेचने वालों और कलाकारों की भागीदारी होती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसने लोगों से घटनास्थल के आसपास न जाने की अपील की है। 
 
विज्ञापन

पुलिस ने घटना के बारे में क्या बताया?
सिएटल पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हुई। पुलिस अब दूसरे संदिग्ध की तलाश कर रही है।

सिएटल पुलिस के सहायक प्रमुख टाइरोन डेविस ने बताया कि फरार संदिग्ध के बारे में जांचकर्ताओं के पास अभी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस को शक है कि दोनों संदिग्ध एक-दूसरे पर गोली चला रहे थे। पुलिस ने बताया कि आम लोगों के लिए अब कोई खतरा नहीं है।  
 
घायलों में कौन-कौन शामिल हैं?
सिएटल दमकल की प्रवक्ता ग्रेस नुनेज ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हुई। उन्होंने बताया कि पांच घायलों को हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर ले जाया गया। इनमें 56 साल की एक महिला की हालत गंभीर है। नुनेज ने बताया कि 2 साल के बच्चे, 23 साल के युवक और 39 साल की महिला की हालत स्थिर है। वहीं, 40 साल की एक महिला को मामूली चोटें आई हैं।

ये भी पढ़ें: क्या जंग का नया मोर्चा खुलने वाला है?: यूक्रेन के हमले से बौखलाया ईरान, अराघची ने कौन से जवाब की बात कही

गोलीबारी के बाद कैसे मची अफरा-तफरी?
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस और आपातकालीन टीमों को मौके पर भेजा गया। सिएटल सेंटर के बड़े इलाके को खाली कराया गया। अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि फेस्टिवल में गोलीबारी किस जगह हुई थी। इस कार्यक्रम में बाहर और अंदर दोनों जगहों पर आयोजन हो रहे थे।

वाशिंगटन के गवर्नर ने क्या कहा?
वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने कहा कि उन्हें घटना की लगातार जानकारी दी जा रही है। उन्होंने स्थानीय पुलिस की मदद के लिए राज्य पुलिस की विशेष टीमों को भी भेजा है। फर्ग्यूसन ने कहा, मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों और उन सुरक्षाकर्मियों के साथ हैं, जो लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। 
 
चश्मदीदों ने क्या बताया?

फेथ एडिया हंटर ने बताया कि वह और उनके दोस्त क्रेप बेचने वाले एक स्टॉल से खाना लेकर लौटे ही थे, तभी गोली चलने लगी। उन्होंने बताया कि उन्हें लगा कि हमलावर उनके बिल्कुल पास है। हंटर ने कहा, जब गोली चलनी शुरू हुई, तब हम उसके ठीक पास थे। इसलिए हम भागने लगे। हम भीड़ के साथ एक इमारत के अंदर चले गए। 

उन्होंने बताया कि वह और कई दूसरे लोग पास के सिएटल चिल्ड्रन म्यूजियम में छिप गए। गोलीबारी के बाद मची अफरा-तफरी में कई दुकानदार अपना सामान छोड़कर बाहर भाग गए। कई घंटे बाद कुछ दुकानदार पुलिस की घेराबंदी के बाहर खड़े रहे और इंतजार करते रहे कि उन्हें वापस जाकर अपने टेंट, खाना और सामान लेने की अनुमति कब मिलेगी।

कार्यक्रम में स्टॉल लगाने वाले रॉबर्टो रामिरेज ने बताया कि पहले उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोगों ने 'हमलावर' चिल्लाना शुरू कर दिया और घबराकर भागने लगे। उन्होंने कहा, अचानक सब कुछ खाली हो गया। लोग डर गए थे। रामिरेज ने बताया कि शुरुआत में कुछ लोग ऐसे भी फेस्टिवल में पहुंचते रहे, जिन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने उन्हें वहां से जाने को कहा।

एक अन्य चश्मदीद एस्टन वाकोनाबो ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ फोटो बूथ के लिए लाइन में खड़े थे। तभी किसी ने उन्हें पीछे से धक्का दिया। जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो बड़ी संख्या में लोग भागते हुए नजर आए। वाकोनाबो ने कहा, लोग छिप रहे थे, एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। लोग जमीन पर गिर रहे थे और बच्चों की गाड़ियां भी गिर रही थीं।  

उन्होंने बताया कि उसी समय उन्हें गोलियों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने कहा, जब मैंने लगातार गोलियों की आवाज सुनी, तभी मुझे समझ आया कि यह गोली चलाने वाला हमला है। वाकोनाबो ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड को सुरक्षित जगह पहुंचाया। इसके बाद वह वापस घटनास्थल पर गए, जहां उन्होंने जमीन पर कई घायलों को देखा।
विज्ञापन


साल 1982 में शुरू हुआ यह वार्षिक फूड फेस्टिवल हर साल बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करता है। फेस्टिवल की वेबसाइट के अनुसार, इसमें तीन दिनों तक खाने-पीने, मनोरंजन और सामुदायिक उत्सव के लिए करीब 3.5 लाख लोग शामिल होते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें