कैरेबियाई राष्ट्र हैती के दक्षिणी निप्प्स क्षेत्र में मिरागोएन के पास शनिवार को रिसाव होने के चलते एक पेट्रोल टैंकर में विस्फोट हो गया। हादसे में 15 से अधिक लोग मारे गए। घायलों को राजधानी पोर्ट-औ-प्रिंस से लगभग 100 किमी (60 मील) पश्चिम में बंदरगाह शहर मिरागोएन में सैंटे थेरेसी अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट तब हुआ जब पीड़ित लोग टैंकर से रिस रहे ईंधन को निकालने में लगे हुए थे।
अंतरिम प्रधानमंत्री गैरी कोनिले ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, उन्होंने निप्प्स क्षेत्र के अधिकारियों से बात की है। नागरिक सुरक्षा दल और अन्य अधिकारी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। कोनिले ने लिखा, 'सरकार सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है और हेलीकॉप्टर के जरिए लोगों को निकालने की योजना बना रही है।'
नागरिक सुरक्षा के राष्ट्रीय प्रमुख इमैनुएल पियरे ने बताया कि गंभीर स्थिति वाले पीड़ितों को इलाज के लिए अन्य क्षेत्रीय अस्पतालों में ले जाया जाएगा।
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, टैंकर का गैस टैंक किसी अन्य वाहन द्वारा पंक्चर हो गया था। लोग ईंधन इकट्ठा करने के लिए घटना स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान अनाचनक टैंकर में विस्फोट हो गया और वहां मौजूद बहुत सारे लोग मारे गए। जब उससे विस्फोट में मारे गए लोगों की संख्या के बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि यह बताना मुश्किल है, क्योंकि घटनास्थल पर बहुत सारे लोग थे।
इससे पहले, 2021 में भी हैती के उत्तरी शहर कैप-हाईटियन में दर्जनों लोग मारे गए थे। इस दौरान एक मोटरसाइकिल से बचाने की कोशिश में एक ट्रक पटरी से उतर गया था।
कैरेबियाई राष्ट्र को समय-समय पर ईंधन की कमी से भी जूझना पड़ा है, जो पोर्ट-औ-प्रिंस और अन्य क्षेत्रों में बढ़ती गिरोह हिंसा के कारण और भी बदतर हो गई है। मिरागोन क्षेत्र में ईंधन की डिलीवरी हाल के हफ्तों में धीमी हो गई है, क्योंकि पोर्ट-औ-प्रिंस के आसपास गिरोह-नियंत्रित राजमार्गों से बचने के लिए ट्रकों को नौका के माध्यम से ले जाया गया था।