बांग्लादेश में एक अवैध प्लास्टिक फैक्टरी में लगी भीषण आग में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बीडीन्यूज24.कॉम ने एक रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया कि ढाका के बाहरी इलाके केरानीगंज में बुधवार दोपहर को प्राइम पेंट एंड प्लास्टिक इंडस्ट्रीज लिमिटेड फैक्टरी में आग लग गई।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि बृहस्पतिवार को घायलों में से 13 लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य लोगों का ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। एजेंसी के महानिदेशक सज्जाद हस्टोरिया ने बताया कि फायर सर्विस और सिविल डिफेंस ने फैक्टरी में बुधवार शाम करीब चार बजकर 30 मिनट पर लगी आग पर करीब पांच बजकर 45 मिनट पर काबू पाया।
अधिकारियों को आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। ढाका ट्रिब्यून ने बताया कि इस फैक्टरी में फरवरी में भी आग लगी थी। हालांकि, एक घायल मजदूरों में से एक ने बताया कि एक कमरे में रखे ज्वलनशील गैस के आठ सिलेंडरों से आग भड़की थी। फैक्टरी में दो शिफ्टों में लगभग 300 लोगों काम करते थे। मजदूर ने बताया कि जब आग लगी, तब वहां कई महिलाओं सहित लगभग 150 लोग काम कर रहे थे।