अफगानिस्तान के काबुल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्पागीजा टी-20 क्रिकेट लीग का मैच खेलने के दौरान मैदान पर ही बम धमाका हुआ। भारत के आईपीएल की तर्ज पर खेले जा रहे इस मैच में खिलाड़ियों को बचा लिया गया लेकिन 19 नागरिकों की मौत हो गई। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने इस धमाके की तीखे शब्दों में निंदा की है। धमाके में कई लोग घायल हैं, इस कारण मौतों की संख्या बढ़ सकती है।
बताया जा रहा है कि यह ग्रेनेड धमाका था जिसका मकसद मैच देख रहे दर्शकों को निशाना बनाना था। श्पागीजा क्रिकेट लीग के मुकाबले में स्टेडियम के भीतर बैंड-ए-अमीर ड्रैगन और पामिर जाल्मी के बीच मैच चल रहा था। मैच में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कई जाने-माने चेहरे भी मौजूद थे। इसी दौरान किसी अज्ञात शख्स ने हथगोला फेंक दिया। इस घटना को शुरुआत में आत्मघाती धमाका भी बताया गया था।
धमाके के तुरंत बाद खिलाड़ियों को बंकर के भीतर ले जाया गया। काबुल पुलिस प्रवक्ता खालिद जादरान ने ग्रेनेड से धमाके की पुष्टि की व कहा कि इसके बाद स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, किसी भी खिलाड़ी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। फिलहाल धमाके की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है।
दो घंटे बाद फिर शुरू हुआ मैच
धमाके के बाद स्टेडियम को साफ किया गया और करीब दो घंटे बाद मैच दोबारा शुरू हुआ। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ तथा विदेशी सुरक्षित हैं। देश पर तालिबान के कब्जे के बाद 18 जुलाई से स्थानीय स्तर पर श्पागीजा मुकाबले शुरू हुए थे।
मैच में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
बैंड-ए-अमीर ड्रैगन की टीम के कप्तान अफताब आलम हैं, जो कि अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा हैं। वहीं शापूर जादरान, पामिर जाल्मी टीम के कप्तान हैं। इनके अलावा इस मैच में दौलत जादरान और करीम जन्नत जैसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भी मैच खेल रहे हैं। दुनियाभर में अपना नाम कमा चुके अफगानिस्तान के प्रमुख लेग स्पिनर राशिद खान भी ड्रैगन टीम का हिस्सा हैं लेकिन वह फिलहाल इस लीग में नहीं खेल रहे हैं। इसमें विश्व कप के हीरो शपूर जादरान, रीम जानत, कामरान गुलाम भी खेल रहे हैं।
ड्रैगन ने जीत हासिल की
धमाके के चलते अफरा-तफरी में मैच का समय बर्बाद होने से डकवर्थ लुईस नियम के तहत अमीर ड्रैगन ने 10 ओवर में 94 रन के लक्ष्य को 17 गेंद रहते 1 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। उसे विजेता घोषित किया गया। इससे पहले पामिर जाल्मी टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 159 रन बनाए थे।
घटनाक्रम से चिंतित हूं : गुटेरस
विश्व निकाय के प्रमुख एंतोनियो गुटेरस ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, मैं काबुल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुक्रवार को हुई घटनाक्रम से चिंतित हूं। उन्होंने कहा, यह घटना निंदनीय है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के उप-विशेष प्रतिनिधि और अफगानिस्तान के मानवीय समन्वयक रमिज अलकबरोव ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए उनके जल्द ठीक होने की कामना की।