स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो तेज रफ्तार ट्रेनें टकरा गईं। इस हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत होने की खबर है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, हादसे में रेनफे एवीई सेवा की एक ट्रेन और निजी कंपनी इर्यो की एक ट्रेन शामिल थीं। आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।
हादसा उरडा में रेलवे स्टेशन के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुबह 8:54 बजे (स्थानीय समय) आपातकालीन सेवाओं को मौके पर बुलाया गया।
कास्तिया-ला मांचा की 112 आपातकालीन सेवा ने बताया कि अल्काजार दे सान हुआन और ऑर्गाज से दमकलकर्मियों को भेजा गया है। आसपास की नगरपालिकाओं से नागरिक सुरक्षा दल भी मौके पर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, तीन चिकित्सा हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल पर भेजे गए हैं। ये दल हादसे में बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं। साथ ही, पीड़ितों की मदद कर रहे हैं।
ट्रेनों में कितने यात्री सवार थे?
कास्तिया-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पडिया के दिए आंकड़ों के अनुसार, हादसे में शामिल दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार थे। स्पेन के समाचार पत्र 'एल पाइस' की रिपोर्ट के अनुसार, इर्यो ट्रेन में 146 यात्री और एक बच्चा सवार था। वहीं, रेनफे ट्रेन में 397 यात्री सवार थे। स्पेन की समाचार वेबसाइट 'सुर इन इंग्लिश' के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों ने कम से कम 39 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
हादसा कैसे हुआ?
कास्तिया-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता ने कहा कि अभी तक ट्रेन टक्कर की वजह का पता नहीं चला है। रिपोर्ट के अनुसार, परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि शुरुआती संकेतों के मुताबिक, एवीई ट्रेन इर्यो ट्रेन के पीछे से टकराई हो सकती है। इस टक्कर के कारण इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इसके बाद वे रेलवे लाइन के किनारे बनी ढलान पर जा गिरे।
मैड्रिड से आंदालुसिया के बीच ट्रेन सेवाएं बंद
हादसे के बाद बुधवार सुबह 8:54 बजे (स्थानीय समय) से मैड्रिड और आंदालुसिया के बीच तेज रफ्तार रेल मार्ग पर ट्रेन सेवाएं पूरी तरह रोक दी गई हैं। इस दुर्घटना का असर मध्यम दूरी की तेज रफ्तार ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है। इर्यो ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि हादसे के कारण आटोचा से चलने वाली और दक्षिणी रेल मार्ग की ओर जाने वाली सभी ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं।
'एल पाइस' की रिपोर्ट के अनुसार, अभी इसका अनुमान नहीं है कि ट्रेन सेवाएं दोबारा कब शुरू होंगी। इर्यो ने कहा कि उसने 'सभी आपातकालीन प्रक्रियाएं सक्रिय कर दी हैं'। कंपनी ने यह भी कहा कि वह स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों के साथ 'करीब से सहयोग कर रही है'। वहीं, रेनफे ने कहा कि मैड्रिड, सियुदाद रियल और आंदालुसिया के बीच रेल सेवाएं रोक दी गई हैं।
पहले भी हो चुका ऐसा ही ट्रेन हादसा
यह हादसा उसी रेल लाइन पर नौ महीने पहले हुए एक अन्य हादसे के बाद हुआ है। उस हादसे में इसी रेल ऑपरेटर की हाई-स्पीड ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं। इसमें 68 लोगों की मौत हुई थी। जनवरी में हुए उस हादसे में एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी। इसके बाद वह सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी। यह हादसा कोर्डोबा प्रांत के आदामुज के पास हुआ था। इस घटना के बाद हाल के वर्षों में रेलवे के रखरखाव पर किए गए निवेश के स्तर को लेकर बहस शुरू हो गई थी।
रेल ऑपरेटर एडिफ ने क्या कहा?
एडिफ ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट किए गए एक संदेश में कहा, मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर दो ट्रेनों की पीछे से टक्कर के बाद रेल यातायात रोक दिया गया है।
ये भी पढ़ें:
नेतन्याहू को हराने में जुटे गोलान: अरब दल को साथ आने के लिए बढ़ाया हाथ, कहा- डर और नस्लवाद से ऊपर उठें नेता
हादसे की तस्वीरों में क्या दिखा?
कास्तिया ला मांचा के क्षेत्रीय टेलीविजन चैनल की ओर से दिखाए गए वीडियो में एक ट्रेन पटरी से उतरी नजर आई। उसका कम से कम एक डिब्बा ऊंचे रेल ट्रैक पर था। ट्रैक के नीचे ढलान पर मुड़ी हुई धातु, टूटे पैनल और मलबा बिखरा हुआ दिखाई दिया। रेल ऑपरेटर एडिफ ने बताया कि यह हादसा मैड्रिड से सेविले जाने वाली रेल लाइन पर हुआ। पास के उर्दा शहर के मेयर मैनुअल गालान ने कैडेना एसईआर को बताया कि आपातकालीन सेवाओं ने नगर परिषद से जरूरी सुविधाएं तैयार करने को कहा है। इनमें एक खेल हॉल भी शामिल है। यहां यात्रियों और घायलों को ठहराने की व्यवस्था की जाएगी।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम रद्द, विपक्ष ने भी रोका चुनाव प्रचार
स्पेन सरकार की वेबसाइट पर प्रकाशित प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज के कार्यक्रम में दिनभर के सभी कार्यक्रम हटा दिए गए थे। वहीं, विपक्षी पीपुल्स पार्टी ने भी अपने सभी चुनाव प्रचार कार्यक्रम रद्द कर दिए। पार्टी के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री सांचेज ने एक्स पर लिखा, टोलेडो में हुए गंभीर ट्रेन हादसे से मैं स्तब्ध हूं। मैं परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते और कास्तिया-ला मांचा के प्रमुख के संपर्क में लगातार हूं। आपातकालीन सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल पर काम कर रही हैं। इस काम में प्रशासन तालमेल कर रहा है। हादसे के सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, एकजुटता और समर्थन है।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने ट्रेन टक्कर में मारे गए लोगों के सम्मान में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।
भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
इस बीच, भारत ने हादसे से प्रभावित ट्रेनों में यात्रा कर रहे अपने नागरिकों और उनके परिजनों से मदद के लिए मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करने को कहा है। दूतावास ने अपने एक्स हैंडल पर एक सूचना जारी की है। इसमें भारतीय नागरिकों से आपातकालीन हेल्पलाइन की जानकारी उन लोगों तक भी पहुंचाने को कहा गया है, जिन्हें मदद की जरूरत हो सकती है।
स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने मैड्रिड में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि कंप्यूटर संचार में गड़बड़ी के कारण एलजेडबी रेलवे सुरक्षा नियंत्रण प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया था। इसके चलते रेलवे लाइन के 63 किलोमीटर लंबे हिस्से पर चल रही ट्रेनें अपने आप रुक गई थीं। हालांकि, इसके बाद नियंत्रण केंद्र ने रेनफे की एक ट्रेन को लाल सिग्नल के बावजूद फिर से चलने की अनुमति दे दी। लाल सिग्नल का मतलब था कि ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकती। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने यह जानकारी दी।