न्यूजीलैंड में राहत एवं बचावकर्मियों ने समुद्र तट पर बहकर आई सात पायलट मछलियों की समुद्र में सकुशल वापसी करा दी, जबकि चार की मौत हो गई। एडम एयनोन रिचड्स नामक एक पर्यटक ने कहा कि लगभग एक हजार स्वयंसेवकों ने काफी मशक्कत के बाद व्हेल मछलियों को समुद्र में छोड़ने में कामयाबी पाई।
जानकारी के मुताबिक, उत्तरी द्वीप में कोरोमंडल प्रायद्वीप पर समुद्र तट पर लगभग एक हजार स्थानीय लोग छुट्टी मनाने के वहां पहुंचे थे। कुछ समय बीतने के बाद समुद्र से तेज लहरें उठीं और कई व्हेल उसमें बहकर समुद्र तट पर आ गईं।
संरक्षण विभाग ने बताया कि तेज लहरों के बहाव में बहकर आई व्हेल में सात को वहां मौजूद लोगों की मदद से बचाया गया और अन्य मृत पड़ी व्हेल को दफनाया गया है। गौरतलब है कि दो वर्ष पहले न्यूजीलैंड के दक्षिण द्वीप के शीर्ष पर फेयरवेल स्पिट में 330 से अधिक पायलट व्हेल की मौत हो चुकी है।