कोरोना वायरस का प्रकोप दुनिया भर में जारी है। यूरोपीय देशों में कोरोना वायरस की दूसरी लहर आ गई। यूरोप के कई देशों में कोरोना की दूसरी लहर की तीखी मार पड़ी है।इस कारण कुछ देशों में सख्त लॉकडाउन लागू किया गया है। शुक्रवार रात तक के आंकड़ों से संकेत मिलता है कि जहां सख्त नियम लागू किए गए, वहां संक्रमण के फैलाव में कुछ गिरावट आई है। मगर कई देशों में संक्रमण के मामले अभी भी बढ़ रहे हैं।अलग-अलग यूरोपीय देशों की मीडिया में छप रही रिपोर्टों से ये साफ हुआ है कि संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान वहां की स्वास्थ्य व्यवस्था अब चरमराने लगी है।
पहली लहर की तरह ही इटली पर दूसरी लहर की भी तीखी मार पड़ी है। इस हफ्ते वहां संक्रमण के मामलों की संख्या दस लाख को पार कर गई। इटली से मिल रही खबरों के मुताबिक, वहां अस्पतालों में बिस्तरों का अभाव हो गया है। मरीजों को कतार में लगना पड़ रहा है। फॉर्मूला वन कार रेसिंग के लिए मशहूर ट्रैक मोंजा को स्वास्थ्य देखरेख केंद्र के रूप में तब्दील करना पड़ा है।