Salman Rushdie Attacked: अंग्रेजी भाषा के मशहूर लेखक सलमान रुश्दी पर अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर ने रुश्दी पर चाकू से 20 सेकंड में किए 10 से 15 वार किए जिसके बाद मंच पर खून ही खून हो गया।
एक आदमी मंच पर दौड़ा और रुश्दी को पीटना शुरू कर दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सलमान रुश्दी (Salman Rushdie) पर हमला उस समय हुआ जब वह चौटाउक्वा संस्थान के एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे। इस दौरान एक आदमी मंच पर दौड़ा और सलमान रुश्दी को पीटना शुरू कर दिया। इस बात को कोई समझ नहीं पा रहा था कि हो क्या रहा है लेकिन इसके बाद हमलावर ने चाकू निकालकर गर्दन पर वार करना शुरू कर दिया।
हमलावर को लोगों ने पकड़ लिया
प्रत्यक्षदर्शी एक महिला कैथलीन जोन्स ने कहा कि हमलावर ने काले रंग के मुखौटे के साथ काले कपड़े पहने थे। सब सोच रहे थे कि यह कोई स्टंट तो नहीं लेकिन यह कुछ ही सेकंड में स्पष्ट हो गया कि यह कोई स्टंट नहीं बल्कि जानलेवा हमला है। हमले के बाद रुश्दी तुरंत फर्श पर गिर गए और हमलावर को लोगों ने पकड़ लिया।
न्यूयॉर्क राज्य के गवर्नर कैथी होचुल ने जानकारी दी कि वह जीवित हैं और उनकी उचित देखभाल की जा रही है। हालांकि खून बहुत ज्यादा बहने से उनकी हालात गंभीर बनी हुई है। वहीं अचानक हमला होता देख करीब 2500 दर्शकों में भगदड़ मच गई। हमले में घायल सलमान रुश्दी को सर्जरी के बाद वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं एक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी एक आंख खोने की संभावना है।
हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं
संदिग्ध हमलावर को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है। रुश्दी की गर्दन में चोट आई है। एक हेलीकॉप्टर के जरिए लेखक रुश्दी को एक स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया है। उनकी हालत के बारे में अभी कोई विस्तृत जानकारी या आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, उनका साक्षात्कार लेने वाले के सिर में मामूली चोट लगी है। गवर्नर कैथी ने ट्वीट कर कहा कि हमारी संवेदनाएं सलमान रुश्दी और उनके चाहने वालों के साथ हैं। साथ ही उन्होंने जांच में हरसंभव मदद का वादा किया।
पुलिस ने जारी किया बयान
न्यूयॉर्क राज्य पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि चौटाउक्वा में जो हमने देखा वह हमारे लगभग 150 वर्षों के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी घटना है। हमारा काम अभी सलमान रुश्दी के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराना है। हम इस हमले का उद्देश्य समझने के लिए एफबीआई के साथ काम कर रहे हैं।
साथ ही उन्होंने कहा कि संदिग्ध की पहचान न्यू जर्सी के 24 वर्षीय हादी मतार के रूप में हुई है। रुश्दी के गर्दन और एक बार पेट पर छुरा घोंपने से गंभीर घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वर्तमान में उनकी सर्जरी हो रही है।
न्यूयॉर्क राज्य पुलिस ने कहा कि मौके पर से एक बैग और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं। हम जांच के बहुत शुरुआती चरण में हैं। एफबीआई के सदस्य जांच में हमारी मदद कर रहे हैं।
पहले भी हमले हो चुके हैं
कट्टरपंथियों की ओर से रुश्दी पर हमले का यह पहला मामला नहीं है। रुश्दी की तरह ही कई और लोग भी इसी तरह के हमले झेल चुके हैं। इस्लाम की कथित आलोचना को लेकर अब भी कई लोग सुरक्षा के घेरे में हैं और सार्वजनिक रूप से कम ही दिखाई देते हैं।