विदेश मंत्री (ईएएम) एस जयशंकर ने बहरीन के प्रधानमंत्री प्रिंस सलमान बिन हमद अल खलीफा से मुलाकात कर अपनी दो दिवसीय बहरीन यात्रा का समापन किया। इस दौरान जयशंकर ने कहा कि, प्रिंस सलमान बिन हमद अल खलीफा ने बहरीन पीएम के रूप में उनकी हाल की नियुक्ति पर पीएम नरेंद्र मोदी के बधाई को स्वीकार किया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत के प्रति उनकी (बहरीन के पीएम) गर्म जोशी, बहरीन में भारतीय समुदाय के लिए उनकी व्यक्तिगत देखभाल और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर उनकी अंतर्दृष्टि की सराहना की। जयशंकर ने कहा कि विश्वास है कि प्रिंस सलमान बिन हमद अल खलीफा के नेतृत्व में हमारी साझेदारी और मजबूत होगी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बहरीन के उपप्रधानमंत्री शेख अली बिन खलीफा अल खलीफा से बुधवार को मुलाकात की और भारत के लोगों व सरकार की ओर से उनके पिता एवं देश के प्रधानमंत्री शहजादे खलीफा बिन सलमान अल खलीफा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
शहजादे खलीफा का 11 नवंबर को 84 साल की उम्र में अमेरिका में निधन हो गया था, जहां उनका उम्र संबंधी बीमारियों का इलाज चल रहा था। उन्हें 13 नवंबर को सुपुर्द-ए-खाक किया गया था। वह प्रधानमंत्री पद पर सबसे ज्यादा समय तक सेवा देने वाले दुनिया के चंद नेताओं में शामिल रहे।
जयशंकर ने ट्वीट किया कि बहरीन के उपप्रधानमंत्री शेख अली से मुलाकात की। उनके पिता शहजादे खलीफा का निधन होने पर उनके और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।