रूस की ओर से यूक्रेन में रातभर किए गए बड़े हवाई हमले में मारे गए 12 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "कुल 12 लोग मारे गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है और हमले में दर्जनों अन्य लोग घायल हुए हैं। जिन लोगों ने अपने परिवार और प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।"
हमले के बाद कई इलाकों में राहत और बचाव का काम जारी है। जेलेंस्की ने बताया कि कीव और आसपास के क्षेत्र में ही करीब 350 राहतकर्मी हमले के बाद के हालात से निपटने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि हमले में बड़ी संख्या में जेट से चलने वाले ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। आवासीय इमारतों और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
रूस के हमलों को लेकर क्या बोले जेलेंस्की?
जेलेंस्की के अनुसार, बोरिस्पिल में पांच मंजिला आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हुई और 50 लोगों को वहां से निकाला गया। शहर में चार लोगों की मौत हुई और 13 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने बताया कि ओडेसा और आसपास के क्षेत्र में भी पिछली शाम से निर्देशित हवाई बमों और ड्रोन से हमले जारी हैं। इन हमलों के कारण हजारों परिवार बिजली के बिना रह गए हैं और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है।
उन्होंने कहा कि रोमानिया से लगी सीमा पर एक सीमा चौकी को जानबूझकर निशाना बनाया गया। निर्यात से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। जेलेंस्की ने बताया कि कीव में एक रेलवे डिपो पर हुए हमले में सात लोगों की मौत हुई। खेरसॉन, दोनेत्स्क, जापोरिज्जिया, खारकीव, चेर्निहीव, जाइटोमिर, सूमी और द्नीप्रो क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया।
रूस पर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप
जेलेंस्की ने रूस पर नागरिकों को अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से हमले करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "रूस हमेशा अपने हमलों की योजना इस तरह बनाता है कि लोगों के जीवन को अधिक से अधिक नुकसान पहुंचे और वह तभी सफल होता है जब हवाई रक्षा क्षमताएं पर्याप्त नहीं होतीं।" उन्होंने यूक्रेन को बैलिस्टिक मिसाइलों से बचाव की क्षमता उपलब्ध कराने में मदद करने वालों का आभार जताया और कहा कि इस सहायता को बढ़ाना बेहद जरूरी है।
पुतिन का नाम लेकर क्या बोले जेलेंस्की?
जेलेंस्की ने कहा, "रूसी आतंक के शिकार लोगों की संख्या सीधे तौर पर सहायता के हर नए पैकेज पर निर्भर करती है। मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं जो यूक्रेन को अधिक मजबूत बनाने में मदद कर रहे हैं।" इससे पहले जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर और अधिक युद्ध की इच्छा रखने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि रूस के बारे में यूक्रेन और उसके सहयोगियों की सभी खुफिया जानकारी तथा संकेत बताते हैं कि रूसी नेता व्यक्तिगत रूप से और युद्ध चाहते हैं।
जेलेंस्की ने कहा था, "फिलहाल, दुर्भाग्य से, हमारी और हमारे सहयोगियों की सभी खुफिया जानकारी तथा रूस से मिलने वाले सभी संकेत बताते हैं कि रूसी नेता व्यक्तिगत रूप से और अधिक युद्ध चाहते हैं। यहां तक कि अभी, जब उनके अपने समाज का पूर्ण बहुमत संपर्क रेखा पर युद्ध रोकने के लिए सहमत हो सकता है।"
अमेरिकी राष्ट्रपति के दूतों से की बातचीत
सोमवार को जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से बातचीत की। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति की यूक्रेन यात्रा की संभावित तारीखों पर चर्चा हुई। जेलेंस्की ने अमेरिकी दूतों को युद्ध के मोर्चे की स्थिति की जानकारी भी दी। उन्होंने दावा किया कि रूस की बढ़त सीमित रही है और इसके लिए उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है।