जैपोरिझ्झिया समेत यूक्रेन के चार इलाकों को रूस में शामिल किए जाने को लेकर जनमत संग्रह हो चुका है। आज इनका औपचारिक रूप से रूस में विलय किया जाएगा। ताजा बमबारी क्यों की गई, यह पता नहीं चला है।
रूसी द्वारा यूक्रेन के चार हिस्सों को आज अपने देश में मिलाने के औपचारिक एलान के पूर्व जैपोरिझ्झिया शहर में मानवीय काफिले पर बमबारी किए जाने की खबर आई है। रूसी हमले में कम से कम 23 लोग मारे गए और 28 घायल हो गए हैं।
रूस ने अब तक उत्तर से कीव-खारकीव की ओर से, पूर्व में डोनबास (डोनेत्स्क और लुहांस्क) क्षेत्र से और दक्षिण में खेरसन, जैपोरिझ्झिया और माइकोलेव की तरफ से, पूर्व और दक्षिण में रूस ने यूक्रेन की अच्छी-खासी जमीन पर कब्जा कर लिया है। फिलहाल जिन चार क्षेत्रों को रूस में शामिल कराने के लिए जनमत संग्रह कराया जा रहा है, उनमें डोनेत्स्क, लुहांस्क (पूर्वी यूक्रेन) और खेरसन, जैपोरिझ्झिया (दक्षिण यूक्रेन) शामिल हैं। यह चार क्षेत्र यूक्रेन का करीब 15 फीसदी जमीनी हिस्सा हैं।
चारों क्षेत्रों का आज रूस में विलय होगा
रूसी संसद के मुख्यालय ‘क्रेमलिन’ ने कहा है कि यूक्रेन के जिन चार क्षेत्रों को रूस में शामिल किए जाने को लेकर जनमत संग्रह कराया गया है उन्हें शुक्रवार को देश में जोड़ लिया जाएगा। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि यूक्रेन के चार क्षेत्रों - लुहांस्क, दोनेत्सक, खेरसान और जापोरिझिया को क्रेमलिन में एक समारोह के दौरान रूस में शामिल कर लिया जाएगा। पेसकोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन क्रेमलिन के इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान जनमत संग्रह कराए गए चारों क्षेत्रों को आधिकारिक तौर पर रूस में शामिल करने की घोषणा की जाएगी। पेसकोव ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि चार क्षेत्रों के प्रमुख क्रेमलिन के सेंट जॉर्ज हॉल में शुक्रवार को एक समारोह के दौरान रूस में शामिल होने के लिए संधियों पर हस्ताक्षर करेंगे।