अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की ओर से दुनियाभर में चलाए जा रहे जासूसी अभियानों का खुलासा करने वाले एडवर्ड स्नोडेन को रूस की नागरिकता मिल गई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे लेकर एक हुक्मनामा जारी किया है।
पुतिन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, स्नोडेन उन 75 विदेशी नागरिकों में शामिल रहे, जिन्हें रूस की नागरिकता प्रदान की गई है। यह आदेश एक सरकारी वेबसाइट पर साझा किया गया।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के कॉन्ट्रैक्टर स्नोडेन अमेरिका में अभियोजन का सामना करने से बचने के लिए 2013 से रूस में रह रहे हैं। स्नोडेन पर अमेरिका के सरकारी निगरानी कार्यक्रमों के विवरण वाले दस्तावेजों को लीक करने का आरोप है।
स्नोडेन को 2020 में स्थायी निवास प्रदान किया गया था। उस समय स्नोडेन ने कहा था कि उन्होंने अपनी अमेरिकी नागरिकता को छोड़े बिना रूसी नागरिकता के लिए आवेदन करने की योजना बनाई है।