Ukraine War: रूसी ड्रोन हमले में यूक्रेनी शहर निप्रो की एक खदान कर्मियों से भरी बस और एक अस्पताल निशाने पर आए, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इस बीच, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अगले दौर की शांति वार्ता के लिए रूस और अमेरिका के साथ अबू धाबी में बैठक की जानकारी दी। पढ़ें रिपोर्ट-
रूसी ड्रोन हमले में यूक्रेनी शहर निप्रो में खदान कर्मियों को ले जा रही एक बस को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में सात अन्य लोग घायल हुए हैं। हमले के बाद आग भी लग गई थी, जिसे बाद में काबू कर लिया गया। यूक्रेन की आपात सेवाओं ने रविवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब रूस और यूक्रेन बुधवार और गुरुवार को संघर्ष विराम पर अगले राउंड की बातचीत करेंगे। रूस के इस हमले को यूक्रेन पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
विज्ञापन
यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी डीटीईके ने कहा कि यह बस उसकी थी। डीटीईके ने रूस पर निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में उसकी खदानों पर 'बड़े पैमाने पर आतंकवादी हमला' करने का आरोप लगाया। निप्रो इस क्षेत्र की राजधानी है। कंपनी ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, हमलों में से एक का केंद्र कंपनी की वह बस थी, जो निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में एक शिफ्ट पूरी करने के बाद खदान कर्मियों को उद्यम से वापस ला रही थी।
त्रिपक्षीय बैठक की तारीख को लेकर क्या बोले जेलेंस्की?
यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधि अगले दौर की शांति वार्ता बुधवार और गुरुवार को करेंगे।
रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधियों से उम्मीद थी कि वे अबू धाबी में मिलेंगे और मॉस्को की ओर से अपने पड़ोसी पर पूर्ण पैमाने का आक्रमण को रोकने के लिए वार्ता जारी रखेंगे।
जेलेंस्की ने टेलीग्राम पोस्ट में कहा, हमारी वार्ता टीम से रिपोर्ट मिली है। अबू धाबी में चार और पांच फरवरी अगली त्रिपक्षीय बैठक की तारीख तय की गई है।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन ठोस बातचीत के लिए तैयार है और हम उस परिणाम में रुचि रखते हैं जो युद्ध को वास्तविक और सम्मानजनक तरीके से समाप्त करने के करीब ले जाए।
अमेरिकी या रूसी अधिकारियों की ओर से तुरंत कोई टिप्पणी नहीं आई।
रूसी प्रतिनिधि ने अमेरिका के साथ बैठक को बताया सकारात्मक
रूस के शीर्ष प्रतिनिधि किरिल दिमित्रिएव ने शनिवार को कहा कि उन्होंने फ्लोरिडा में अमेरिकी प्रतिनिधि मंडल के साथ 'सकारात्मक बैठक' की। अबू धाबी में हो रही वार्ता के बारे में अधिकारियों ने अब तक बहुत कम जानकारी साझा की है। यह वार्ता पिछले साल से जारी कोशिशों का हिस्सा है, जिसमें युद्ध को समाप्त करने और दोनों पक्षों को शांति समझौते की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। जहां अमेरिकी मध्यस्थता में यूक्रेन और रूस ने समझौते करने के लिए सहमति जताई है। वहीं मॉस्को और कीव इस बात को लेकर गहरे मतभेद हैं कि समझौता कैसा होना चाहिए। मुख्य मुद्दा यह है कि रूस को यूक्रेन के उन इलाकों से सेना हटानी चाहिए या नहीं, जिन पर उसने कब्जा कर लिया है, खासकर पूर्वी औद्योगिक क्षेत्र डॉनबास से और क्या रूस को वहां नई जमीन मिलनी चाहिए जिस पर उसने अभी तक कब्जा नहीं किया।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि रूस, यूक्रेन पर एक हफ्ते के लिए हमले रोकने के लिए तैयार हो गया है। ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन में पड़ रही भीषण ठंड के चलते उन्होंने रूस से हमले रोकने को कहा था और रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भी इसका आश्वासन दिया था।
रूस ने यूक्रेन के अस्पताल पर भी ड्रोन हमला किया
दूसरी ओर, रूसी ड्रोन हमले में रविवार सुबह दक्षिणी यूक्रेन के एक अस्पताल को भी निशाना बनाया। यूक्रेनी आपातकालीन सेवा ने इसकी पुष्टि की। एक टेलीग्राम पोस्ट में कहा गया कि हमले में अस्पताल में तीन महिलाएं घायल हुईं और स्त्री रोग विभाग में आग लग गई, जिसे बाद में काबू कर लिया गया।