रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच रविवार को यूक्रेन ने रूस पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। इस हमले में मॉस्को के आसपास कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसे युद्ध शुरू होने के बाद रूस पर किए गए सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में स्थित खिमकी शहर में एक ड्रोन रिहायशी मकान से टकरा गया, जिससे एक महिला की मौत हो गई। वहीं राजधानी से करीब 10 किलोमीटर दूर पोगोरेलकी गांव में दो लोगों की जान चली गई।
मॉस्को के पास कई इमारतें और ढांचे प्रभावित
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हमले में कई बहुमंजिला इमारतों और अहम ढांचों को नुकसान पहुंचा है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि शहर के ऑयल रिफाइनरी इलाके के पास हुए हमले में कम से कम 12 लोग घायल हुए हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि रिफाइनरी की मुख्य तकनीकी व्यवस्था को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
यह भी पढ़ें:- ईरानी संसद अध्यक्ष गालिबाफ का दावा: ढल रहा पश्चिमी वर्चस्व, ग्लोबल साउथ की अगुवाई में बन रही नई विश्व व्यवस्था
रूस का दावा- 1000 से ज्यादा ड्रोन मार गिराए
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने रातभर में 556 ड्रोन नष्ट कर दिए। वहीं पिछले 24 घंटों में 1000 से अधिक ड्रोन को मार गिराने या जाम करने का दावा भी किया गया है। समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, मॉस्को की ओर बढ़ रहे 81 ड्रोन को भी रूसी सुरक्षा बलों ने रास्ते में ही रोक दिया।
हवाई अड्डे पर भी गिरा ड्रोन का मलबा
रूस के सबसे बड़े एयरपोर्ट शेरमेत्येवो ने बताया कि ड्रोन का मलबा एयरपोर्ट परिसर में गिरा, लेकिन इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। उधर यूक्रेन ने दावा किया कि रूस ने भी रातभर में 287 ड्रोन से हमला किया, जिनमें से अधिकांश को मार गिराया गया। यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, ड्नीप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में कई रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं और कम से कम 8 लोग घायल हुए हैं।