रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। यह अहम मुलाकात अगले सप्ताह हो सकती है। मीटिंग उज्बेकिस्तान में होगी। चीन में रूसी राजदूत एंड्री डेनिसोव ने बताया कि पुतिन और जिनपिंग 15-16 सितंबर को उज्बेकिस्तान के समरकंद में मिलेंगे। यहां शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान ही यह अहम बैठक होगी। दोनों नेताओं की आखिरी मुलाकात फरवरी में बीजिंग में हुई थी।
वहीं, चीन में रूस के राजदूत एंद्रे देनिसोव ने बुधवार को कहा कि अगले सप्ताह उज्बेकिस्तान के समरकंद में होने वाली दो दिवसीय शिखर बैठक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभी नेता हिस्सा लेंगे। गौरतलब है कि एससीओ का मुख्यालय बीजिंग है। इसके आठ सदस्य हैं जिनमें चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, भारत और पाकिस्तान शामिल हैं। देनिसोव ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन एससीओ बैठक से इतर द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे।
यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी: पुतिन
इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को कहा है कि मॉस्को अपने लक्ष्यों को हासिल करने तक यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने प्रतिबंधों के जरिये रूस को अलग-थलग करने संबंधी पश्चिमी देशों के प्रयासों का भी उपहास किया। पुतिन ने सुदूर पूर्वी बंदरगाह शहर व्लादिवोस्तोक में आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में कहा कि यूक्रेन में सेना भेजने के पीछे आठ साल की लड़ाई के बाद उस देश के पूर्वी क्षेत्र में नागरिकों की रक्षा करना मुख्य लक्ष्य था।