यूक्रेन पर रूसी हमले के सातवें दिन रूस की सेना ने कई शहरों के रिहाइशी इलाकों में बमबारी तेज कर दी है। कीव, खारकीव, बुका और इरपिन शहर में कई इमारतें खंडहर में तब्दील हो गई हैं। लोग खौफजदा होकर देश छोड़ रहे हैं। जबकि देश में रहकर जो स्थानीय लोग रूसी सैनिकों से मुकाबला कर रहे हैं वे खूनी संघर्ष में यूक्रेनी लिबास में आ रहे रूसियों के चलते अपनों पर भी शक कर रहे हैं।
कीव के टीवी टॉवर पर हुए रूसी मिसाइल हमले में पांच की मौत हो गई और पांच घायल हो गए, जबकि टीवी प्रसारण भी बाधित हो गया। खारकीव शहर के बीचोंबीच रूसी बलों ने फ्रीडम स्क्वायर पर मिसाइल हमला बोला। रूस ने खारकीव में सातवें दिन तड़के कई हवाई हमले किए और सैन्य अस्पताल के बाहर भी हमला किया। विदेश मंत्रालय ने कहा, रूस सरकारी इमारतों और नागरिक बुनियादी ढांचे को तबाह कर रहा है। कीव के पास बुका शहर पर भी रूसी हमला जारी है।
यहां कई इमारतें खंडहर बन चुकी हैं जबकि कई जगह रूसी सैन्य वाहनों के अवशेष देखे गए। बुका में कई जगह लाशें पड़ी हैं और हालात बिगड़ते ही हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मारियुपोल शहर के रिहाइशी इलाके में गोलीबारी से कई घायल हैं। शहर के एक बेसमेंट को मेडिकल वार्ड में बदलकर इसे बम शेल्टर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। उधर, इरपिन में यूक्रेन सेना स्थानीय लोगों के साथ संघर्षरत है। यहां रूसी पेराट्रूपर्स जंगलों में छिपकर यूक्रेनियों का वेश रखकर लोगों से बचने की कोशिश कर रहे हैं। इस कारण लोग एक दूसरे को सदेह की नजर से देख रहे हैं।
अजनबियों के संकेत भेज रहे स्थानीय लोग
इरपिन में यूक्रेनी विशेष बल के कमांडर विक्टर चेलोवन ने बताया कि हमारे एजेंट स्थानीय लोगों के साथ रह रहे हैं। गांव में अजनबी के दिखते ही लोग हमें सिग्नल भेजकर बुलाते हैं। हम बाहर आकर वहां हालात देखकर परिस्थितियों से जूझ रहे हैं। रूसी पेराट्रूपर्स के आने से स्थानीय लोग भयभीत हैं। ये पेराट्रूपर्स स्थानीय नागरिकों की तरह कपड़े बदलकर सड़कों पर घूम रहे हैं। इसलिए उन पर नजर रखी जा रही है।
कोई तो रोके पुतिन का पागलपन
पश्चिमी यूक्रेन के खुस्त की रहने वाली इवान मुर्शा ने चेक गणराज्य के ग्रनो में शरण ली है। उन्होंने न केवल सात घंटे के सफर अपनी गाड़ी से तय किया बल्कि दूसरों को भी अपने साथ चलने की पेशकश की। मुर्शा की गाड़ी में ब्रनो शहर के लिए रवाना हुई स्क्लीरोवा ने कहा, मेरे एक रिश्तेदार के 15 साल के बेटे को रूसी सैनिकों ने कीव के बाहर ब्रोवरी में कार में जाते समय गोली मार दी। उसने कहा, कीव में सब कुछ बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा, कम से कम दुनिया में कोई तो ऐसा शख्स होना चाहिए जो उसका (पुतिन का) पागलपन रोक सके।
हम यह लड़ाई जीतेंगे
पूर्वी हंगरी के गांव में सैकड़ों शरणार्थियों में ज्यादातर महिलाएं व बच्चे हैं, जबकि उनके पति, पिता, भाई और बेटे देश की रक्षा करने के लिए यूक्रेन में ही रुके हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने 18 से 60 साल के पुरुषों को देश में ही रुकने के आदेश दिए हैं। पश्चिमी शहर कलुश की इरिना यरिमचुक ने कहा, उन्हें हंगरी के तिजाबेक्स पहुंचने के लिए पांच घंटे लगे। नम आंखों से उन्होंने बताया, उनका भाई यूक्रेन सेना में शामिल हो गया है। उन्होंने भावुक संदेश दिया-भाई, मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं, हिम्मत बनाए रखना। हम यह लड़ाई जीतेंगे और जल्द मिलेंगे।
हमारा इतिहास मिटाने का मंसूबा लिए बढ़ा आ रहा रूस: जेलेंस्की
जंग के सातवें दिन यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने चिंता जताई कि रूस पवित्र धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाकर उनके देश का इतिहास मिटाना चाहता है। बुधवार को अपने वीडियो संबोधन में जेलेंस्की ने दूसरे विश्व युद्ध में हुए नरसंहार के शिकार यहूदियों की याद में बने कीव स्थित स्मारक स्थल ‘बेबिन यार’ पर हुए रूसी हमले की कड़ी निंदा की। खाकी टी-शर्ट पहने राष्ट्रपति ने एक और भावुक भाषण देते हुए कहा, रूस का लक्ष्य यूक्रेन और उसके लोगों के इतिहास को मिटाना है लेकिन उसका यह मंसूबा कभी सफल नहीं हो पाएगा।
हमलावर देश के खिलाफ दुनिया से एकजुट होने की अपील करते हुए जेलेंस्की ने एक बार फिर यूरोपियन यूनियन से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने कहा, यही वक्त है जब हमें आपके (पश्चिमी देश) साथ की जरूरत है और यह समय तटस्थ रहने का नहीं है। उधर, रूस ने बुधवार को ज्यादा आक्रामकता के साथ कीव की ओर बढ़ना जारी रखा और पश्चिम ने अपने प्रतिबंधों की शृंखला में भी विस्तार किया। लेकिन जेलेंस्की पश्चिम के रुख से ज्यादा खुश नहीं हैं और उन्होंने कहा कि ये प्रतिबंध रूस को रोकने के लिए नाकाफी हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने ‘बेबिन यार’ पर हमले को मानवता से परे करार देते हुए कहा, इससे पता चलता है कि कई रूसियों के लिए हमारा कीव पूर्ण रूप से विदेशी है। वे हमारी राजधानी, हमारे इतिहास के बारे में कुछ नहीं जानते हैं और उन्हें इसे मिटाने का आदेश मिला है। जेलेंस्की ने दुनियाभर के करोड़ों यहूदियों से रूसी हमले के खिलाफ उठ खड़े होने की अपील भी की।
दावा, छह हजार रूसी सैनिक मारे
अपने भाषण में जेलेंस्की ने दावा किया कि बीते 6 दिनों में यूक्रेन ने अब तक 6,000 से ज्यादा रूसी सैनिक मार गिराए हैं। उन्होंने कहा, रूस हमें बम और रॉकेटों के हमले से नहीं जीत सकता है।