क्रीमिया पुल धमाके में रूस ने आठ संदिग्ध पकड़े
शीर्ष रूसी घरेलू सुरक्षा एजेंसी ने बुधवार को कहा कि उसने रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले मुख्य पुल पर बम धमाके में शामिल होने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। एफएसबी ने कहा कि उसने शनिवार को हुए हमले के सिलसिले में पांच रूसी और तीन यूक्रेनी व आर्मीनियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। रूस को क्रीमिया प्रायद्वीप से जोड़ने वाले ‘कर्च ब्रिज’ को क्षति से रूसी साजो-सामान को यूक्रेनी क्षेत्रों में भेजना रुका है।
पश्चिमी देशों का संकल्प, यूक्रेन को और हथियार देंगे
रूस को जवाब देने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने जी-7 के देशों से तत्काल वायु रक्षा प्रणाली की मांग की है। इस पर जी-7 समेत 50 पश्चिमी देशों ने बैठक करके यूक्रेन को वायु रक्षा प्रणाली तथा और हथियार देने व सैन्य मदद की प्रतिबद्धता जताई है। उधर, बाइडन ने भी जेलेंस्की द्वारा फोन पर मांगी गई इस प्रणाली पर एयर डिफेंस सिस्टम देने का संकल्प जताया है।
परमाणु धमकी के विनाशकारी नतीजे : बाइडन
राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन युद्ध में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की परमाणु धमकी पर भड़कते हुए इसके विनाशकारी नतीजे होने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, मैं नहीं समझता कि पुतिन टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन का इस्तेमाल करेंगे। बाइडन ने टैक्टिकल परमाणु बम को लेकर कहा, मैं समझता हूं कि पुतिन के लिए इस तरह की बात करना गैर जिम्मेदाराना है। बम के इस्तेमाल के बाद उसके नतीजे क्या होंगे, यह कोई नहीं जानता।