नागरिक स्थलों पर जानबूझकर निशाना : यूक्रेन
कीव ने बताया, मॉस्को ने अग्रिम पंक्ति से दूर के लक्ष्यों पर मिसाइल हमले बढ़ा दिए हैं और वह जानबूझकर नागरिक स्थलों को निशाना बना रहा है। उधर, रूसी सेनाएं पूर्व में बढ़त हासिल कर तोपखाने से शहरी क्षेत्रों पर मार कर रही है। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा, रूसी बल नागरिक लक्ष्यों पर निशाना नहीं साध रहे।
यूक्रेनी सेना की चौकियों को नष्ट किया : रूस
रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि उसने माइकोलीव और पूर्वी दोनबास क्षेत्र में यूक्रेनी सेना की चौकियों को उच्च-सटीक हथियारों से नष्ट कर दिया और दक्षिणी जपोरिज्झिया क्षेत्र व उत्तर में खारकीव में सैन्य-संबंधित अन्य साइटों पर हमला किया है।
जेलेंस्की की अर्जेंटीना, चिली के राष्ट्रपतियों से वार्ता
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने लैटिन अमेरिका से समर्थन हासिल करने के अपने अभियान पर जोर देते हुए अर्जेंटीना और चिली के नेताओं से फोन पर बात की। जेलेंस्की ने ट्वीट किया, मैं लैटिन अमेरिका से निरंतर रिश्ते रखना चाहता हूं।
स्नैक द्वीप पर फॉस्फोरस बम दाग रहा रूस
हालांकि यूक्रेनी सेना ने दो दिन पूर्व रूसी सेना को स्नैक द्वीप से पीछे हटने को मजबूर कर दिया था लेकिन अब यहां रूसी सेना फॉस्फोरस बम दाग रही है। यह आरोप यूक्रेन ने लगाते हुए कहा, रूस-यूक्रेन के बीच काला सागर में मौजूद स्नैक द्वीप रणनीतिक लिहाज से काफी अहम है।