अमेरिका का यूक्रेन को और सैन्य मदद का वादा
अमेरिका ने ड्रोन समेत यूक्रेन के लिए और ज्यादा सैन्य सहायता का वादा किया है। उसने कहा है कि वह इस बात पर विचार कर रहा है कि क्या यूक्रेन को लड़ाकू विमान भेजे जा सकते हैं। रूसी सेना द्वारा करीब छह माह में यूक्रेन के कई कस्बों और शहरों में जारी गोलाबारी को देखते हुए अमेरिका ने सैन्य मदद बढ़ाने का विचार किया है। इससे लगता है कि रूस-यूक्रेन युद्ध जल्द खत्म होने की संभावना कम है।
अब तक 5,100 यूक्रेनी बच्चे रूस भेजे गए
यूक्रेन के शीर्ष अधिकारी ने बताया है कि मॉस्को द्वारा 24 फरवरी को कीव पर थोपे गए युद्ध के बाद से अब तक 5,100 बच्चों को रूस भेजा जा चुका है। बाल अधिकार व बाल पुनर्वास के लिए यूक्रेनी राष्ट्रपति के प्रतिनिधि डारिया हेरासिमचुक ने बताया कि बच्चों के न मिलने वाले अनुरोध हर दिन जमा किए जा रहे हैं और इसलिए मैं सभी से बच्चों के अपहरण के मामलों की सूचना राष्ट्रीय सूचना ब्यूरो को देने का आग्रह करती हूं। इससे हम बच्चों की खोज शुरू कर सकेंगे। यूक्रेन एकत्रित डाटा रेडक्रास और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों को भेजता है जो बच्चों का पता लगाने में मदद करते हैं।
पांच माह के युद्ध में 353 बच्चे मारे गए
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेंलेंस्की की सलाहकार ने कहा कि युद्ध की शुरुआत के बाद से 353 यूक्रेनी बच्चे मारे गए हैं और 679 अन्य घायल हुए हैं। पीड़ितों की सही संख्या बताना असंभव है। रूसी किसी को भी बच्चों को दफनाने के लिए भी कब्जे वाले क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने देते हैं।