सीरिया के भूमध्यसागर तट के ऊपर उड़ान भर रहा रूसी सेना का विमान अचानक लापता हो गया। रूस की सेना के मुताबिक लापता हुए विमान में 14 लोग सवार थे। रडार से लापता हुए रूसी सैन्य विमान के बारे में माना जा रहा है कि इजरायल मिसाइल हमले के दौरान सीरियाई डिफेंस ने अनजाने में इसे मार गिराया।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सोमवार को लताकिया से रूस के वायुसेना ठिकाने पर लौट रहा था कि अचानक रडार से गायब हो गया। इस मामले में रूसी रक्षा मंत्री ने कहा कि इजरायली वायुसेना ने रूसी विमान को उस दिशा में बढ़ने के लिए मजबूर कर दिया, जहां सीरियाई मिसाइलें दागी जा रही थीं। हालांकि, इस मामले में अभी तक सीरिया सरकार ने कोई बयान जारी नहीं किया है।
विमान गायब होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। मामले की जांच शुरू हो गई। रूसी विमान के लापता होने के मामले में अमेरिका ने दावा किया है कि इजरायली हमले से बचने के लिए सीरिया की ओर से किए जा रहे फायरिंग में रूसी विमान भी शिकार हो गया। वहीं, इस मामले का दोष सीरिया ने भी इजरायल को ही दिया है।
पेंटागन के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका का इस हमले से कोई लेना-देना नहीं है। अमेरिकी सेना ने मिसाइल लांच नहीं की थी।
रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सीरिया में खमेइमिम एयरबेस के करीब आईएल-20 एयरक्राफ्ट के साथ अचानक संपर्क टूट गया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि लापता विमान में 14 सैनिक सवार थे। विमान के साथ लापता हुए 14 सैनिकों के लिए राहत अभियान जारी है।