रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। यूक्रेन की ओर से घोषित एकतरफा युद्धविराम लागू होने के कुछ ही घंटों बाद रूस ने बुधवार तड़के यूक्रेनी शहरों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। यूक्रेनी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि मॉस्को ने युद्धविराम की घोषणा को पूरी तरह नजरअंदाज करते हुए रातभर लगातार हमले जारी रखे।
यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने बताया कि रूस ने रातभर में 108 ड्रोन और तीन मिसाइलें दागीं। हमले देर रात से शुरू होकर बुधवार सुबह तक जारी रहे। उन्होंने कहा कि रूस ने संघर्ष रोकने की अंतरराष्ट्रीय अपीलों को फिर खारिज कर दिया है।
वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यूक्रेन ने भी अपने घोषित युद्धविराम का पालन नहीं किया। मंत्रालय के अनुसार, रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक रूस के विभिन्न इलाकों, अवैध रूप से कब्जाए गए क्रीमिया प्रायद्वीप और ब्लैक सी क्षेत्र के ऊपर 53 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
दरअसल, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस की ओर से प्रस्तावित दो दिवसीय युद्धविराम के जवाब में अपना एकतरफा सीजफायर घोषित किया था। रूस ने शुक्रवार और शनिवार को द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी की हार की 81वीं वर्षगांठ के मौके पर अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की थी। हालांकि यूक्रेन ने साफ कहा था कि यदि रूस ने युद्धविराम का उल्लंघन किया तो जवाबी सैन्य कार्रवाई की जाएगी।