रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को कहा कि उनके देश ने पूर्व जासूस सर्जेई स्क्रिपल को नर्व एजेंट जहर देने वाले ब्रिटेन के दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की है।
व्लादिवोस्तोक में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबो और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की मौजूदगी में एक आर्थिक फोरम में पुतिन ने कहा, ‘हम जानते हैं वे कौन हैं, हमने उनका पता लगाया है।’ उन्होंने कहा, ‘निश्चित तौर पर वे ब्रिटिश नागरिक हैं।’
ब्रिटेन के अधिकारियों ने दावा किया है कि दो संदिग्ध व्यक्ति रूस की सेना की खुफिया एजेंसी के सदस्य हैं। उसके इस दावे के बाद पुतिन की प्रतिक्रिया आई है। इससे पहले ब्रिटेन की सरकार ने कहा था कि इस हमले में रूस में बने नर्व एजेंट नोविचोक का इस्तेमाल किया गया है।
इस घटना ने ब्रिटेन और रूस के संबंधों को भी तल्ख कर दिया था। इस हमले का आरोप रूस पर लगाते हुए पहले ब्रिटेन ने और फिर उसके समर्थन में 20 से ज्यादा देशों ने अपने यहां से रूसी राजनयिकों को निकाल दिया था।
अमरीका ने भी अपने यहां से 60 रूसी राजनयिकों को देश छोड़ने को कहा था और सिएटल का रूसी दूतावास बंद कर दिया था।
(इनपुट :भाषा)