संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज
- फोटो : ANI
संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज को संयुक्त राष्ट्र के सामाजिक विकास आयोग के 62वें सत्र का अध्यक्ष चुना गया है। वह न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय में संयुक्त राष्ट्र सामाजिक विकास आयोग के सत्र की पहली बैठक में अध्यक्ष चुनी गईं। नॉर्थ मैसेडोनिया से जॉन इवानोवस्की,डोमिनिक गणराज्य से कार्ला मारिया कार्लसन व लक्समबर्ग से थॉमस लैमर को सत्र का उपाध्यक्ष चुना गया। आयोग ने 61वें सत्र के अंतिम दिन संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद को चार मसौदा प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेजे थे।
रूस ने यूक्रेन में मानवता के खिलाफ अपराध किया: यू.एस
उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने शनिवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन में मानवता के खिलाफ अपराध किए हैं। यह बात हैरिस ने शनिवार को म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने रूस के खिलाफ सबूतों का हवाला देते हुए कहा, इसमें कोई संदेह नहीं है, ये मानवता के खिलाफ अपराध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने इन अपराधों को अंजाम दिया है, और उनके समर्थक जो उन अपराधों में शामिल हैं, उन्हें भी जवाबदेह ठहराया जाएगा। हैरिस की घोषणा यूक्रेन पर रूस के युद्ध के एक साल की सालगिरह से कुछ दिन पहले आई है। हैरिस ने कहा, युद्ध के शुरुआती दिनों से हमने रूसी सेना को भयानक अत्याचारों और युद्ध अपराधों में लिप्त देखा है।
सैद्धांतिक व व्यावहारिक हिंदू राष्ट्र है नेपाल : निश्चलानंद
काठमांडो। पुरी स्थित गोवर्धन मठ के शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती ने शनिवार को कहा कि नेपाल सैद्धांतिक और व्यावहारिक रूप से हिंदू राष्ट्र है। पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर पूजा के बाद उन्होंने कहा, नेपाल हजारों वर्ष से हिंदू राष्ट्र रहा है। आज भी यहां की सभ्यता, संस्कृति और समाज में हिंदू राष्ट्र की झलक दिखती है। उन्होंने कहा, असल में नेपाल को 2008 में धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र घोषित किया गया था। नेपाल की 81 फीसदी से ज्यादा आबादी हिंदू है। बीते वर्ष चुनावों के दौरान भी नेपाल में हिंदू राष्ट्र का मुद्दा उठा था।