पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक (Rishi Sunak) ने रविवार को कहा कि बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) के स्थान पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री (British PM) बनने की दौड़ में कंजरवेटिव पार्टी (Conservative Party) के सदस्यों के लिए रंगभेद कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने इस आशंका से इनकार कर दिया कि कंजरवेटिव पार्टी के सदस्य लिज ट्रस और उनके बीच लिंग अथवा जाति को लेकर कोई भेदभाव करेंगे।
भारतीय मूल के उद्यमी और कंजरवेटिव पार्टी (Conservative Party) के दानदाता लॉर्ड रामी रोजर (Lord Rami Ranger) ने पिछले सप्ताह एक वीडियो जारी कर कहा था, अगर ऋषि सुनक (Rishi Sunak) चुनाव हार जाते हैं तो ब्रिटेन को रंगभेदी (Apartheid) देश के रूप देखा जा सकता है।
द डेली टेलीग्राफ को दिए इंटरव्यू में भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक सुनक ने कहा, मैं वास्तव में नहीं सोचता कि यह किसी के लिए फैसला लेने का कारक हो सकता है। मुझे रिचमंड से संसद के लिए चुना गया है। वहां के लोगों ने कभी कोई भेदभाव नहीं किया। मुझे यकीन है कि टोरी पार्टी के सदस्य रंगभेद और लिंग से अलग हटकर इस बात पर विचार कर रहे हैं कि सबसे बेहतर प्रधानमंत्री कौन बनेगा। वह इन दिनों प्रतिद्वंद्वी लिज ट्रस को कंजरवेटिव पार्टी सदस्यों की पसंद की दौड़ में पछाड़ने के लिए दौरे कर रहे हैं।
जॉनसन के समर्थकों ने फिर की छवि बिगाड़ने को कोशिश
ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन के कट्टर समर्थक और लिज ट्रस के हिमायती माने जाने वाले संस्कृति मंत्री नादिन डोरिस ने ऋषि सुनक की गलत छवि दिखाने वाली पोस्ट को रिट्वीट किया है। वह ऋषि के कटु आलोचक हैं। उनके ट्वीट में बोरिस जॉनसन को रोम के नेता जूलियस सीजर की पोशाक में दिखाया गया है और पीछे से ब्रूटस के बजाय उन्हें खंजर घोंपते ऋषि दिख रहे हैं। कारोबार मंत्री ग्रेग हैंड्स और अन्य ने उनकी कड़ी आलोचना की है।
स्विंग वोटर्स के बीच ऋषि सुनक ज्यादा लोकप्रिय
सर्वे कंपनी यूगोव ने अपने एक सर्वे में दावा किया है कि ब्रिटेन की पीएम की रेस में स्विंग वोटर्स के बीच ऋषि सुनक ज्यादा लोकप्रिय हैं। सर्वे के मुताबिक, सुनक, मतदाताओं के बीच पसंदीदा हैं, जिन्होंने 2019 के आम चुनाव में पहली बार कंजरवेटिव को वोट दिया था। गौरतलब है कि सुनक कट्टर टोरी सदस्यों के बीच ट्रस से पीछे चल रहे हैं।
यूगोव ने एक बयान में दावा किया है कि ट्रस और सुनक के बीच महत्वपूर्ण अंतर स्विंग वोटरों में ही आता है। यूगोव (YouGov) ने 4,946 लोगों पर 10 से 24 जुलाई के बीच सर्वे किया था। यूगोव ने सर्वे में बताया कि दोनों उम्मीदवार समग्र रूप से जनता के बीच अलोकप्रिय हैं, लेकिन निवर्तमान प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की तुलना में अधिक लोकप्रिय हैं।