तुर्की के राष्ट्रपति रजप तायीप एर्दोगान ने एक विवादास्पद बयान देते हुए कहा है कि महिलाएं पुरुषों के बराबर नहीं हैं क्योंकि उनका स्वभाव अलग है।
उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के कार्यकर्ताओं की आलोचना करते हुए कहा कि वे इस्लाम में माताओं को दिए गए दर्जे को समझ नहीं रहे हैं।
समाचार एजेंसियों के अनुसार राजधानी इस्तांबुल में सोमवार को महिला और न्याय पर आयोजित एक बैठक में उन्होंने ये बातें कहीं।
एर्दोगान ने कहा, "आप महिला और पुरुष को एक स्थिति में नहीं रख सकते। यह प्रकृति के खिलाफ है। उन्हें अलग तरह से बनाया गया है। उनके स्वभाव अलग हैं। उनका शारीरिक गठन अलग है।"
बीबीसी संवाददाता के मुताबिक एर्दोगान के बयान धार्मिक और राष्ट्रवादी समर्थकों को अच्छे लगने वाले होते हैं लेकिन इनसे धर्मनिरपेक्ष और उदारवादी लोग निराश हो जाते हैं।