उत्तर कोरिया के सर्वोच्च शासक किम जोंग उन की पत्नी की पहचान से जुड़े सवाल का जवाब तलाश करना मुश्किल है क्योंकि यह सवाल रहस्यों से घिरे किम से जुड़ा है। उनके बच्चों की संख्या को लेकर अभी भी पूरी जानकारी नहीं है।
री सोल-जू साल 2012 की गर्मियों से मीडिया में नजर आने लगी थीं। इसके कुछ दिनों बाद सरकारी मीडिया ने उन्हें किम जोंग उन की पत्नी बताया। लेकिन उनकी इससे पहले की जिंदगी अभी भी एक अबूझ पहेली है।
कुछ मीडिया संस्थान बताते हैं कि वह एक सिंगर थीं। वहीं, दूसरे संस्थान उन्हें नेशनल टीम का चीयरलीडर बताते हैं जिसके साथ वह दुनिया के कई देशों में घूमीं।
उत्तर कोरिया लीडरशिप वॉच वेबसाइट की सहयोगी सिएरा मेडन ने कहा , "उनकी शादी 2009-10 में हुई। उससे पहले सिंगर और चीयरलीडर थीं, उन्होंने जापान और दक्षिण कोरिया की यात्राएं कीं।"
री सोल-जू की जिंदगी के बारे में इससे ज़्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। उनकी उम्र को लेकर उत्तर कोरियाई शासक की तरह कोई जानकारी नहीं। लेकिन ऐसा माना जाता है कि री सोल-जू की उम्र 30 साल से ज्यादा की नहीं हैं। वहीं, विशेषज्ञ किम जोंग उन का जन्मदिन 8 जनवरी, 1983 या 1984 बताते हैं।
मिशेल ओबामा जैसी फर्स्ट लेडी
री सोल-जू की हमेशा मुस्कराने की आदत और सार्वजनिक रूप से किम के साथ दिखाई देने की वजह से उनकी तुलना पूर्व अमेरिकी फर्स्ट लेडी मिशेल ओबामा से की गई है।
मेडन के मुताबिक, उत्तर कोरिया में री सोल-जू की भूमिका भी मिशेल ओबामा से अलग नहीं हो सकती। वह कहती हैं, "मिशेल ओबामा ने अमेरिका में फर्स्ट लेडी के रूप में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका अदा की।"
हाल ही में री सोल-जू किम के साथ कई मौकों पर नजर आई हैं। इनमें नई मिसाइल लॉन्च के साथ ही कॉस्मेटिक फैक्टरी के उद्घाटन जैसे मौके शामिल हैं। हाल के दिनों में कई देशों ने अपने लग्जरी सामान को उत्तर कोरिया में निर्यात करना बंद कर दिया है।
ऐसे में लगता है कि उत्तर कोरिया ने अपनी कॉस्मेटिक इंडस्ट्री को विकसित कर लिया है ताकि उच्च वर्ग के जीवन में असुविधा ना पहुंचा।
री सोल-जू को अपने साथ ले जाकर किम जोंग उन ने अपने पिता की एक परंपरा को तोड़ा है। उन के पिता अपनी पत्नियों के बारे में जानकारी सार्वजनिक नहीं करते थे।
मेडन कहती हैं, "ये कुछ नया है क्योंकि री सोल जू को उत्तर कोरिया की मां का दर्जा दिया जा रहा है।"