ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी का कहना है कि मुसलमानों को इस्लाम की वैश्विक छवि सुधारने की कोशिश करनी चाहिए, जिसे लगतार हिंसा ने दागदार बना दिया है। उन्होंने तेहरान में एक सम्मेलन में कहा, "हमें साइबर स्पेस और असलियत में छाई इस्लाम की नकारात्मक छवि को हटाना होगा।"
नरम धार्मिक रुख रखने वाले राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि इस्लामिक सिद्धांत हिंसा के खिलाफ हैं। अप्रत्यक्ष तौर पर सउदी अरब और उसके सहयोगी खाड़ी देशों का हवाला देते हुए उन्होंने उन देशों की निंदा की जो अमेरिकी हथियार लाकर अपने ही भाईयों पर उनका इस्तेमाल कर रहे हैं।
यमन में सउदी अरब के नेतृत्व में हूती विद्रोहियों पर जो हवाई हमले किए गए, ईरान उसके सख्त खिलाफ है। रूहानी ने उन कष्टों का भी जिक्र किया जो अपने ही देश से भागने वाले मुसलमान शरणार्थियों को सहने पड़ते हैं|